झारखंड में गरजा राष्ट्रवाद – भाजपा का पाकिस्तानी भारत छोड़ो आंदोलन जोरों पर
रांची: झारखंड के कई जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ गुस्से का विस्फोट करते हुए “पाकिस्तानी भारत छोड़ो आंदोलन” का आगाज कर दिया है। रामगढ़ से लेकर रांची, बोकारो और जामताड़ा तक सड़कों पर उतरे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अवैध पाकिस्तानी घुसपैठियों को देश से निकालने की मांग को लेकर प्रशासनिक गलियारों को हिला दिया।
रामगढ़ में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता और प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद के नेतृत्व में उपायुक्त चंदन कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारी “भारत मां की जय” और “पाकिस्तानी भारत छोड़ो” के नारों से सड़कों को गुंजायमान कर रहे थे।
रांची में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, लक्ष्मीकांत वाजपेयी और नवीन जायसवाल के नेतृत्व में जिला स्कूल मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि रांची के कई मोहल्लों में पाकिस्तानी नागरिक वर्षों से रह रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठा रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार आंख मूंदे बैठी है।
बोकारो में पूर्व विधायक बिरंचि नारायण और जिलाध्यक्ष जयदेव राय के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि बोकारो समेत झारखंड के हर जिले से पाकिस्तान और बांग्लादेश के घुसपैठियों को बाहर निकालना ही होगा।
जामताड़ा में नाला विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी माधवचंद्र महतो ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और जिले में अवैध पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निष्कासित करने के लिए टास्क फोर्स गठित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन चुप रहा तो बड़ा जनांदोलन होगा।
भाजपा नेताओं ने यह भी मांग की कि केंद्र सरकार के फैसले के अनुरूप झारखंड सरकार भी अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों को चिन्हित कर देश से बाहर निकाले।