झारखंड के बोकारो में राज्य के सबसे बड़े निजी अस्पताल का संचालन हुआ प्रारंभ
झारखंड के बोकारो में अब विश्व स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। पूर्वी भारत के सबसे आधुनिक अस्पताल मेडिकेंट का संचालन शुरू हो गया है। यह अस्पताल 600 बेड की सुविधा के साथ झारखंड का पहला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल है। यहां मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं और विश्व स्तरीय सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
अस्पताल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डा. माजीद अहमद तालीकोटी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि इस आधुनिक अस्पताल में नवीनतम तकनीक, उन्नत उपकरण और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग किया गया है। अस्पताल में विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद है, जो सुपर स्पेशलिटी सेवाओं में न्यूरो सर्जरी, यूरोलॉजी, आर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजी, और ऑन्कोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगी।
इसके अलावा, अस्पताल में अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक प्रयोगशाला, न्यूक्लियर मेडिसिन, माडर्न इमरजेंसी सुविधाएं, और डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध है। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की देखभाल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाया है, जिससे यहाँ के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।