टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा का निधन, कॉरपोरेट जगत में शोक की लहर
जमशेदपुर: टाटा स्टील की सहायक कंपनी यूआईएसएल (यूर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड) के प्रबंध निदेशक (एमडी) ऋतुराज सिन्हा का रविवार को अचानक निधन हो गया। लगभग 55 वर्ष की आयु में इस असामयिक मौत ने पूरे कॉरपोरेट जगत के साथ-साथ जमशेदपुर शहर को गहरे सदमे में डाल दिया है। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके निधन की खबर फैलते ही टाटा स्टील प्रबंधन, यूआईएसएल के अधिकारी, टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी टीएमएच पहुंचने लगे। सभी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और इसे कॉरपोरेट क्षेत्र की बड़ी क्षति बताया।

मिलनसार और मृदुभाषी व्यक्तित्व
ऋतुराज सिन्हा को उद्योग जगत में एक मृदुभाषी, सहज और दूरदर्शी प्रबंधक के रूप में जाना जाता था। उनके नेतृत्व में यूआईएसएल ने जमशेदपुर में कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पूरे किए और शहर में नई नागरिक सुविधाओं को लागू किया। टाटा स्टील में भी वे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे और अपनी दक्षता तथा नेतृत्व क्षमता से कंपनी को नई दिशा दी।
जमशेदपुर में शोक की लहर
टाटा स्टील प्रबंधन ने उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। उनके निधन की खबर सुनते ही कर्मचारियों, अधिकारियों और शहर के कई प्रतिष्ठित लोगों ने शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। ऋतुराज सिन्हा का जाना जमशेदपुर और विशेषकर टाटा स्टील परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।



