tulsyan

बंद मकान से चार जिंदा बम बरामद, एक युवक हिरासत में, इलाके में मचा हड़कंप

Bhoura bomb recovery

धनबाद: धनबाद जिले के झरिया अनुमंडल अंतर्गत भौंरा ओपी क्षेत्र में शुक्रवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक बंद मकान से पुलिस ने चार जिंदा बम बरामद किए। यह मकान भौंरा सात नंबर स्थित उर्दू स्कूल के ठीक बगल में है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

सूत्रों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने रात में घर के भीतर कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भौंरा ओपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को एक कोने में चार जिंदा बम मिले जो प्लास्टिक के बैग में छिपाकर रखे गए थे।

जिंदा बम मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तुरंत पूरे क्षेत्र को सील कर दिया और बम निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की।

DAV NANDRAJ

बम बरामदगी के बाद युवक हिरासत में
पुलिस ने शक के आधार पर भौंरा के ही निवासी मोइनुद्दीन नामक एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन बमों को किस उद्देश्य से रखा गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को संदेह है कि यह किसी आपराधिक या गैंगवार गतिविधि से जुड़ा मामला हो सकता है।

happy Teacher Day

सुरक्षित रूप से किया गया निष्क्रिय
पुलिस ने बरामद किए गए चारों बमों को सावधानीपूर्वक पानी में डालकर निष्क्रिय किया। इस कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की हानि नहीं हुई। जोड़ापोखर सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया।

resizone-elanza
rlifecare

जांच में जुटी पुलिस टीम
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि ये बम कहां से आए और किन परिस्थितियों में उस मकान में रखे गए थे। जांच दल उस मकान के स्वामित्व, किरायेदारों और उनके संभावित आपराधिक कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

इलाके में दहशत, लोगों से पुलिस की अपील
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और जिज्ञासा का माहौल है। लोग इसे लेकर चर्चा कर रहे हैं कि स्कूल के बगल में इतने खतरनाक बम कैसे पहुंचे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत थाने को दें ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

स्थानीय लोगों ने भौंरा ओपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। वहीं, धनबाद पुलिस प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तेज करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *