हेमंत सोरेन कैबिनेट बैठक: 27 एजेंडों को मिली मंजूरी, रांची पॉलिटेक्निक के नए भवन के लिए 97 करोड़ स्वीकृत
Jharkhand Cabinet Meeting_रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रिपरिषद की बैठक संपन्न हो गई। इस बैठक में कुल 27 प्रस्तावों पर मुहर लगी, जिनमें शिक्षा, सुरक्षा, वन, जलापूर्ति और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई बड़े फैसले शामिल हैं।
मंजूर प्रस्तावों की प्रमुख झलकियाँ
नई शिक्षा पहल: रांची में नए पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निर्माण के लिए 97 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई। इसके साथ ही बोकारो में नेतरहाट मॉडल पर आधारित आवासीय विद्यालय के लिए 116 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
- सुरक्षा और पुलिस सुधार: झारखंड में निजी सुरक्षा एजेंसियों के संचालन नियमावली में संशोधन किया गया। साथ ही, राज्य के 5 जिलों में NDPS थाने खोलने की मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त सहायक पुलिस कर्मियों की सेवा अवधि को एक वर्ष के लिए बढ़ाया गया।
- वन और पर्यावरण: सारंडा वन प्रमंडल के आरक्षित वनों के 575 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को वाइल्डलाइफ सेंचुरी घोषित करने की मंजूरी दी गई।
- जलापूर्ति और विकास: साहबगंज जलापूर्ति योजना के लिए 68 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई।
- शिक्षक और कर्मचारी भत्ते: कस्तूरबा गांधी विद्यालय के कर्मियों के भत्ते में वृद्धि की गई।
- प्रशासनिक सुधार: झारखंड सचिवालय कार्यालय प्रक्रिया 2025 को मंजूरी दी गई, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।
- वन स्टॉप योजना: इस योजना के तहत राज्य में चार नए सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया।
- दुर्घटना सहायता: एमजीएम में हुए दुर्घटना के वक्त घायल हुए व्यक्ति को 50 हजार रुपए और मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया।
वित्त आयोग रिपोर्ट
कैबिनेट ने वित्त आयोग की प्रतिवेदन को भी स्वीकृति दी।
इस बैठक के फैसलों से शिक्षा, सुरक्षा, जलापूर्ति और वन संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सरकारी कामकाज और योजनाओं के क्रियान्वयन में नई गति आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी मंत्रियों और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन फैसलों को शीघ्र लागू कर जनता को लाभ पहुँचाया जाए।


