देवघर में बड़ा साइबर फ्रॉड उजागर, आरोपी गिरफ्तार
Deoghar Cyber Fraudदेवघर: देवघर पुलिस ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश का झांसा देकर लोगों से 44 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवघर निवासी मुकेश अखौरी के 19 वर्षीय पुत्र यशवर्धन कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है।
फर्जी ट्रेडिंग ऐप ‘CANTILLON’ से ठगे 44 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए लोगों को ‘CANTILLON’ नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश करने का झांसा दिया। ऐप पर नकली मुनाफा दिखाकर निवेशकों को यह भरोसा दिलाया गया कि उन्हें रिटर्न मिलेगा। इस तरह आरोपी ने कई लोगों से मिलाकर कुल 44 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
बरामदगी: मोबाइल, सिम और बैंक खाता
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक बैंक खाता और केस से जुड़े कई महत्वपूर्ण व्हाट्सएप चैट बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
लोगों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील
पुलिस और साइबर सेल ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम या गूगल के माध्यम से भेजे जाने वाले निवेश से संबंधित विज्ञापन लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी वेब पोर्टल पर बिना जांचे-परखे रजिस्टर न करें।
अगर कोई साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाए तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।



