गिरिडीह निकाय चुनाव हिंसा में बड़ी कार्रवाई: 5 आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल बरामद

Nikay Chunav 2026

वार्ड 18 मतदान केंद्र के पास पत्थरबाजी और फायरिंग से मचा था हड़कंप, SIT ने संभाली जांच

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह नगर निकाय चुनाव 2026 के मतदान के बाद हुई हिंसक घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रशासन के मुताबिक यह घटना 23 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे वार्ड संख्या 18 स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर अनुजाति टोला के मतदान केंद्र के पास हुई थी, जहां दो पक्षों के बीच विवाद अचानक हिंसा में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गई। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक व्यक्ति द्वारा गोली चलाए जाने की घटना सामने आई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

दो अलग-अलग कांड दर्ज, SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पचंबा थाना में घायल मोहम्मद शमीम और सेरु के बयान के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। जिला प्रशासन ने जांच को तेज करने के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमों ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की।

हथियार के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद, अमित विश्वकर्मा, आकाश हांडी, मंजीत पासवान और किशोर पासवान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि चुनावी हिंसा में शामिल अन्य संदिग्धों की भी तलाश जारी है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

डीसी-एसपी की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनावी हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

resizone elanza

चुनावी माहौल पर पड़ा असर
निकाय चुनाव के दौरान हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक माहौल को भी गर्मा दिया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *