जल जीवन मिशन पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद सख्त, लापरवाह संवेदकों पर होगी कार्रवाई

Jal Jeevan Mission Latehar

Latehar News: जल जीवन मिशन (JJM) के तहत संचालित जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति को लेकर सोमवार को लातेहार के बेतला नेशनल पार्क सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में चल रही जलापूर्ति योजनाओं की जिलावार और योजनावार समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, पूर्ण और अपूर्ण योजनाओं, निर्माण कार्य की प्रगति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति की स्थिति की जानकारी मंत्री के समक्ष रखी।

योजनाओं की गुणवत्ता से समझौता नहीं
समीक्षा के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन की योजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाए।उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर तक नल के माध्यम से सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। मंत्री ने कहा कि योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द नियमित पेयजल सुविधा मिल सके।

लापरवाही करने वाले संवेदकों पर कार्रवाई
समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में संवेदकों की ओर से कार्य में लापरवाही, अपेक्षित प्रगति नहीं होने और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं किए जाने के मामले सामने आए। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर लापरवाही बरतने वाले संवेदकों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। वहीं, जिन मामलों में अनियमितता या लापरवाही की जांच आवश्यक है, वहां जांच कर रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कार्यपालक अभियंता और संवेदक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Adiwasi Mahotsav

लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो योजनाएं लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। अनावश्यक विलंब की स्थिति में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जिन योजनाओं को पूरा बताया जा चुका है, उनसे वास्तव में ग्रामीणों को पेयजल का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसका नियमित अनुश्रवण किया जाए।

happy Teacher Day

‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी’
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने को प्राथमिक जिम्मेदारी के रूप में लेने का निर्देश दिया।

resizone elanza

Telegram channel

सचिव अबु इमरान ने भी दिए निर्देश
विभागीय सचिव अबु इमरान ने भी अधिकारियों को ग्रामीणों तक स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सभी पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

जलस्रोत और पाइपलाइन की स्थिति की भी समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं के संचालन और रख-रखाव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा जलस्रोतों की उपलब्धता, पाइपलाइन, अन्य आधारभूत संरचनाओं की स्थिति और ग्रामीण इलाकों में नियमित पेयजलापूर्ति से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं की जमीनी स्थिति पर लगातार नजर रखने और जहां भी समस्या सामने आए, उसका समय पर समाधान करने का निर्देश दिया गया।

छह जिलों की योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान विभागीय सचिव अबु इमरान, जल जीवन मिशन निदेशक शशि रंजन, उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त लातेहार सैय्यद रियाज अहमद सहित संबंधित जिलों के उप विकास आयुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता, तकनीकी पदाधिकारी, संवेदक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Read more: जल जीवन मिशन पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद सख्त, लापरवाह संवेदकों पर होगी कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *