नक्सलियों ने ऑपरेशन के दौरान बिछाया था आईईडी, नक्सलियों के खात्मे के लिए तेज हुआ ऑपरेशन
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के बाद IED विस्फोट हुआ, जिसमें CRPF 134 बटालियन के एसआई सुबोध कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से रांची रेफर किया गया।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। भारी दबाव पड़ने पर नक्सली जंगल में भाग निकले। इसके बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें एक जवान घायल हो गया।
सारंडा वन क्षेत्र में अभी भी कई नक्सली कमांडर सक्रिय हैं, जिन्होंने जंगल में कई जगह आईईडी बिछा रखे हैं। हल्की सी चपेट में आते ही ये विस्फोट हो जाते हैं, जिससे अब तक कई जवान और ग्रामीण शिकार हो चुके हैं।
हालांकि, पुलिस और सुरक्षा बलों ने हाल के महीनों में नक्सलियों के कई ठिकाने ध्वस्त किए हैं और भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए हैं।
गृह मंत्रालय के अनुसार, अब झारखंड में नक्सली सिर्फ सारंडा वन क्षेत्र में ही बचे हैं। इसलिए सुरक्षा बलों ने उनके सफाए के लिए बड़े पैमाने पर ऑपरेशन तेज कर दिया है।




