देवर की शादी रोकने के लिए भाभी ने रची हत्या की साजिश, जहर देकर मार डाला

Tamar News

तमाड़: तमाड़ थाना क्षेत्र के लोधमा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां देवर की शादी न हो पाए, इसी मंशा से भाभी ने अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पहले यह मामला जहर खाने से मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।

जहर खाने से युवक की मौत, परिजनों को हुआ शक
9 फरवरी 2026 को लोधमा गांव निवासी शंकर नायक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलने लगा, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जहर खाने की पुष्टि करते हुए उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई सुकरा नायक ने तमाड़ थाना में लिखित आवेदन देकर शंकर की भाभी गीता देवी (35 वर्ष) और उसके पति बलदेव मछुवा (38 वर्ष) पर गंभीर आरोप लगाए। इसके आधार पर तमाड़ थाना कांड संख्या 11/2026 दिनांक 09.02.2026 को धारा 103(1), 123, 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

Adiwasi Mahotsav

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डीएसपी ओमप्रकाश ने पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा किया।

happy Teacher Day

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शंकर नायक, अभियुक्त गीता देवी का चचेरा देवर था। करीब तीन वर्ष पहले शंकर के माता-पिता की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद गीता देवी ही उसके घर का कामकाज संभालने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।

resizone elanza

Telegram channel

शादी की बात से नाराज भाभी ने रची साजिश
जब शंकर नायक ने शादी के लिए लड़की देखनी शुरू की, तो गीता देवी ने इसका विरोध किया। वह नहीं चाहती थी कि शंकर शादी कर अपना अलग परिवार बसाए। इसी बात से नाराज होकर गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर शंकर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

चाय में मिलाया कीटनाशक
पुलिस के अनुसार, तय योजना के तहत शंकर नायक को चाय में कीटनाशक दवा मिलाकर पिला दी गई। चाय पीते ही उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे आत्महत्या या दुर्घटना मानने की कोशिश की गई, लेकिन गहन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हत्या का पर्दाफाश हो गया।

पुलिस कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को नामजद कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह मामला न केवल पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि निजी स्वार्थ किस हद तक इंसान को अपराध की राह पर ले जा सकता है।

यह सनसनीखेज हत्या कांड पूरे तमाड़ क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *