जमशेदपुर में भव्य श्री जगन्नाथ मंदिर की नींव रखेगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Jamshedpur News

26 फरवरी को होगा भूमि पूजन, आध्यात्मिक केंद्र की होगी औपचारिक शुरुआत

जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण आने वाला है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को प्रस्तावित श्री जगन्नाथ मंदिर एवं आध्यात्मिक केंद्र की आधारशिला रखेंगी। इस अवसर पर विधिवत भूमि पूजन भी किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र न्यास के प्रबंध न्यासी एस.के. बेहरा ने दी।

प्रबंध न्यासी एस.के. बेहरा ने बताया कि राष्ट्रपति द्वारा आधारशिला रखे जाने के साथ ही इस भव्य परियोजना की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। मंदिर परिसर के संपूर्ण निर्माण में लगभग चार वर्षों का समय लगने का अनुमान है, लेकिन न्यास की प्राथमिकता आध्यात्मिक केंद्र को पहले पूरा कर उसे जल्द से जल्द संचालित करने की है।

शोध और अध्ययन का बनेगा केंद्र
एस.के. बेहरा ने बताया कि प्रस्तावित आध्यात्मिक केंद्र को शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आध्यात्मिक विज्ञान, संस्कृति, परंपरा और विरासत से जुड़े अध्ययन एवं शोध कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे युवाओं को नैतिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक दिशा देने में मदद मिलेगी।

पारंपरिक शिल्पकला में होगा निर्माण
करीब 2.5 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह मंदिर पूरी तरह पत्थरों से निर्मित होगा। मंदिर की वास्तुकला में पारंपरिक शैली और उत्कृष्ट भारतीय शिल्पकला को प्रमुखता दी जाएगी। न्यास के अनुसार, आध्यात्मिक केंद्र और मंदिर के गर्भगृह को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

राष्ट्रपति के आगमन और इस भव्य परियोजना की शुरुआत को लेकर जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से यह परियोजना आने वाले वर्षों में झारखंड को एक नई पहचान देने वाली मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *