मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 विजेता दीपाली रिया ने CM हेमंत सोरेन से की मुलाकात, बोकारो की बेटी को मिली शुभकामनाएं

Miss Universe Jharkhand 2026

रांची: मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 का खिताब जीतने वाली बोकारो की प्रतिभागी दीपाली रिया ने रांची स्थित कांके रोड के मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री से साझा किया सफलता का सफर
मुलाकात के दौरान दीपाली रिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 का खिताब जीतने के लिए उन्होंने पिछले एक वर्ष से अधिक समय तक लगातार मेहनत की। उन्होंने रैंप वॉक, ग्रूमिंग क्लास और इंटरव्यू की विशेष तैयारी पूरी लगन और समर्पण के साथ की। दीपाली ने बताया कि 29 मार्च को रांची में आयोजित प्रतियोगिता में विजेता बनने तक का सफर चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ प्रेरणादायक भी रहा। उन्होंने अपने अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

बोकारो की बेटी ने बढ़ाया झारखंड का मान
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दीपाली रिया ने मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 का ताज जीतकर न सिर्फ बोकारो बल्कि पूरे झारखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि राज्य की अन्य युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और वे आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य का नाम रोशन करेंगी।

झारखंड प्रतिभाओं की धरती: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं की धरती है। यहां के खिलाड़ी, कलाकार और विभिन्न क्षेत्रों के युवा लगातार देश-दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने दीपाली रिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *