SBI मैनेजर 77 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, बीमा क्लेम के बदले मांग रहा था घूस

SBI Manager Bribe Case

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की राशि जारी करने के लिए मृतक लाभार्थी की मां से मांगे थे पैसे, CBI ने रंगे हाथ दबोचा

गोड्डा: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। गोड्डा जिले के डुमरिया स्थित State Bank of India (SBI) शाखा के शाखा प्रबंधक रोहित कुमार सिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत बीमा राशि जारी करने के बदले मृतक लाभार्थी की मां से घूस मांग रहा था।

2 लाख रुपये के बीमा क्लेम के लिए मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, महिला ने CBI को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उसके बेटे का निधन हो चुका है। वह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभार्थी था और योजना के तहत परिवार को 2 लाख रुपये की बीमा राशि मिलनी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शाखा प्रबंधक रोहित कुमार सिंह क्लेम राशि जारी करने के एवज में 60 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। इतना ही नहीं, उसने अतिरिक्त 17 हजार रुपये की भी मांग की थी।

पैसे नहीं देने पर दी थी धमकी
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि बैंक मैनेजर ने रिश्वत नहीं देने पर खाते से 35 हजार रुपये की निकासी रोकने की धमकी दी थी।इससे परेशान होकर महिला ने पूरे मामले की शिकायत CBI से की।

CBI ने बिछाया जाल, रंगे हाथ गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद एजेंसी ने विशेष ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। इसके तहत 2 जून को CBI की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और शाखा प्रबंधक को महिला से 77 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Matter
New Project 1
New Project

कार्यालय और आवास पर छापेमारी
CBI की टीम आरोपी शाखा प्रबंधक के कार्यालय और आवास की भी तलाशी ले रही है। जांच एजेंसी बैंक से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस तरह के अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता तो नहीं रही है।

resizone elanza

Telegram channel

राज्य में पहला मामला बताया जा रहा
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़े भुगतान के बदले रिश्वत लेते हुए किसी बैंक अधिकारी की गिरफ्तारी का यह झारखंड में पहला मामला माना जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद बैंकिंग व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

PMJJBY क्या है?
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना केंद्र सरकार की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके तहत नामांकित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 2 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कठिन परिस्थितियों में वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। ऐसी योजना में लाभार्थियों से रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद CBI की कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पहले भी ऐसे मामलों में अवैध वसूली की थी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *