अर्जुन मुंडा का हमला — झारखंड में अपराध बेलगाम, बंगाल में वक्फ मुद्दे पर उन्माद फैलाया जा रहा है

अर्जुन मुंडा बयान

बोकारो: देश के दो राज्यों की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि वक्फ कानून को लेकर वहां राजनीतिक उन्माद फैलाया जा रहा है। वहीं, झारखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है।

गिरिडीह जाते समय बोकारो के जैनामोड़ चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा नेता अर्जुन मुंडा का जोरदार स्वागत हुआ।
पूर्व विधायक बिरंचि नारायण के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में अर्जुन मुंडा ने दो टूक कहा कि “पश्चिम बंगाल में जिस तरह से वक्फ कानून को लेकर उन्माद फैलाया जा रहा है, वह बेहद चिंताजनक है। कानून व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है और जब वही असफल होती है, तो आम लोग असुरक्षित महसूस करते हैं।”

उन्होंने झारखंड सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यहां अपराध बेलगाम हो चुका है। अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है, और यही कारण है कि आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *