भ्रष्टाचार पर सख्ती: भंडरिया में राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम निलंबित

Garhwa News

गढ़वा: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए भंडरिया अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देश पर की गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।

जनता दरबार की शिकायत बनी कार्रवाई का आधार
जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी को आयोजित जनता दरबार में एक लिखित शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि मौजा जनेवा की जमीन (खाता संख्या 111, प्लॉट संख्या 863, रकबा 4.28 एकड़) की जांच रिपोर्ट आगे भेजने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप के समर्थन में कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रशासन को सौंपी थी।

जांच में आरोप सही, स्पष्टीकरण में स्वीकारोक्ति
मामले की जांच अपर समाहर्ता राज महेश्वरम को सौंपी गई थी। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि हुई और बताया गया कि संबंधित कर्मचारी ने अपने स्पष्टीकरण में रुपये मांगने की बात स्वीकार की। इसे सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए झारखंड सरकारी सेवक नियमावली 2016 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।

Adiwasi Mahotsav

खरौंधी अंचल कार्यालय बना मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान शिवपत राम का मुख्यालय अंचल कार्यालय खरौंधी निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करनी होगी। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।

happy Teacher Day

विभागीय कार्रवाई के निर्देश
भंडरिया अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि शीघ्र आरोप पत्र तैयार कर विभागीय कार्रवाई शुरू करें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम जनता से ऐसी शिकायतें सामने लाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *