चक्रवात ‘अक्वान’ को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट! 75% धान खेतों में
मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akvan) के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। राज्य में भारी बारिश की आशंका के बीच आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों, किसानों की खड़ी फसल, स्वास्थ्य सेवाओं और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। IMD के अनुसार, ‘अक्वान’ 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ेगा और इसके बाद कमजोर होते हुए झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने झारखंड के कई हिस्सों में 20 और 21 नवंबर को बारिश की संभावना जताई है।
आपदा आने का इंतजार नहीं, पहले से तैयारी का निर्देश
समीक्षा बैठक में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का जोर केवल आपदा के बाद राहत पहुंचाने पर नहीं, बल्कि संभावित नुकसान को पहले ही कम करने की तैयारी पर है। मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
75 फीसदी धान अभी खेतों में, किसानों की बढ़ी चिंता
चक्रवात के संभावित असर को देखते हुए सबसे बड़ी चिंता राज्य के किसानों की खड़ी धान की फसल को लेकर है। मंत्री के अनुसार, राज्य में अभी करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि लगभग 75 प्रतिशत फसल खेतों में खड़ी है। अगर लगातार बारिश होती है तो तैयार फसल के गिरने, खेतों में पानी भरने और कटाई प्रभावित होने से किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। इसे देखते हुए अधिकारियों को पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है। कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि बारिश से फसल को नुकसान होने की स्थिति में पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
किसानों से फसल सुरक्षित करने की अपील
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी किसानों से अपील की है कि अगले दो-तीन दिनों में संभव हो तो तैयार फसल की कटाई कर उसे सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखें, ताकि बारिश से सालभर की मेहनत खराब न हो। यह सलाह ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब राज्य में बड़ी मात्रा में धान की फसल अभी खेतों में मौजूद है।
जलभराव से लेकर बिजली बाधित होने तक की तैयारी
संभावित भारी बारिश के मद्देनजर प्रशासन को जलभराव, निचले इलाकों में पानी जमा होने, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। जिला स्तर पर राहत और बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है।
अस्पतालों में दवाइयों और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने के निर्देश
आपदा की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सभी जिलों के सिविल सर्जनों को विशेष रूप से अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि बारिश या किसी अन्य आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
20-21 नवंबर को झारखंड में बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अक्वान का सीधा लैंडफॉल झारखंड में नहीं होगा, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव होगा। 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में बारिश की संभावना है। दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का असर भी देखने को मिल सकता है। रांची समेत कई इलाकों में बादल छाने और बारिश की संभावना है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
मंत्री ने कहा- सरकार पूरी तरह तैयार
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा को पूरी तरह रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय रहते तैयारी करके जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी तत्परता के साथ काम करने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।मंत्री ने आम लोगों से भी मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने लोगों से तेज हवा और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की। झारखंड सरकार का फोकस फिलहाल दो मोर्चों पर है—आम लोगों की सुरक्षा और खेतों में खड़ी फसल को संभावित नुकसान से बचाना। चक्रवात के असर को देखते हुए अगले 48 घंटे राज्य के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
- रांची में स्ट्रीट वेंडर्स का सम्मान! चार जगहों पर सजा ‘स्वनिधि महोत्सव’, सफलता की कहानियों को मिला मंचकिसी ने कारोबार बढ़ाया, किसी ने बदली अपनी पहचान रांची: सड़क किनारे छोटा कारोबार करने वाले दुकानदारों और पथ विक्रेताओं के लिए रांची नगर निगम ने शुक्रवार को खास आयोजन किया। पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े पथ विक्रेताओं की मेहनत, कारोबार में आए बदलाव और आत्मनिर्भरता की कहानियों को सामने लाने के लिए शहर के…
- चार बार के JMM विधायक निरल पूर्ति को बड़ा सम्मान! 22 नवंबर को मिलेगा ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक’ पुरस्कारचार बार मझगांव की जनता ने भेजा विधानसभा रांची: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस से पहले मझगांव विधायक निरल पूर्ति के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए उत्कृष्ट विधायक चुना गया है। चयन…
- होटवार जेल में बंदी से कथित यौन हिंसा पर NHRC सख्त, मुख्य सचिव-DGP को नोटिस; 2 हफ्ते में मांगी रिपोर्टबंदी को नशीला पदार्थ देने और यौन हिंसा का आरोप रांची: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में एक पूर्व विचाराधीन बंदी के साथ कथित यौन हिंसा और प्रताड़ना का मामला अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सामने पहुंच गया है। मामले में आयोग ने प्रथम दृष्टया मानवाधिकार उल्लंघन की आशंका जताते हुए झारखंड के मुख्य…
- बिहटा में खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन! 2 किलो पका चिकन नष्ट, आटा-मैदा और हल्दी के सैंपल लिएनॉनवेज के लिए अलग डीप फ्रीजर नहीं मिला पटना: खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बिहटा इलाके में दो खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां टीम को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां मिलीं।…
- योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने जताया शोक, बोले- मां के संस्कार जीवन की सबसे बड़ी पूंजीडॉ. प्रदीप वर्मा ने मां के स्नेह को बताया अमूल्य धरोहर रांची: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश सह प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने शोक संतप्त योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार…







