Ranchi News: ओरमांझी में 5 घंटे तक डकैती का तांडव: राइस मिल में बंधक बनाकर ₹3.35 लाख लूटे, ट्रांसफार्मर तोड़ कॉपर वायर भी ले गए

Ranchi Rice Mill Robbery

रांची:राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित तापे गांव में अपराधियों ने एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 20 से 22 की संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने एक राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में घुसकर कर्मचारियों को बंधक बना लिया और लगभग पांच घंटे तक पूरे परिसर में लूटपाट मचाई। इस दौरान बदमाशों ने लॉकर से 3 लाख 35 हजार रुपये नकद, ट्रांसफार्मर का कॉपर वायर और गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी लूट लीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पिकअप वैन से पहुंचे थे 20 से अधिक हथियारबंद बदमाश
घटना 10 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है। इस मामले में रांची निवासी आदित्य सिंह की शिकायत पर 12 जुलाई को ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर के अनुसार, सभी बदमाश चेहरे और सिर पर काला कपड़ा बांधे हुए थे और एक पिकअप वैन से परिसर में पहुंचे थे। उनके पास पिस्तौल, चाकू और अन्य घातक हथियार थे।

कर्मचारियों को बंधक बनाकर की लूटपाट
सबसे पहले बदमाशों ने परिसर में गश्त कर रहे कर्मचारी अनिल सिंह को पकड़ लिया। उनसे मालिक और पूरे परिसर की जानकारी लेने के बाद उनके हाथ-पैर बांधकर पीएलसी रूम में बंद कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर मौजूद कर्मचारी विनीत सिंह पर हमला किया। बदमाशों ने लॉकर की चाबी छीनकर उसमें रखे 3.35 लाख रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद विनीत सिंह को भी बांधकर पैनल रूम में बंद कर दिया। पीड़ितों का कहना है कि अपराधियों को कारखाने की पूरी बनावट और लॉकर की सटीक जानकारी थी, जिससे अंदरूनी जानकारी होने की आशंका भी जताई जा रही है।

Adiwasi Mahotsav

रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक चलता रहा डकैती का खेल
शिकायतकर्ता आदित्य सिंह के मुताबिक, बदमाश रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक परिसर में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर उसका कॉपर वायर निकाल लिया और गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बड़ी मात्रा भी दो वाहनों में लादकर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाशों ने फैक्ट्री मालिक के अपहरण की भी धमकी दी।

happy Teacher Day

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। शिकायतकर्ता आदित्य सिंह का आरोप है कि अपराधियों की तलाश करने के बजाय पुलिस ने कर्मचारी विनीत सिंह को ही थाने बुलाकर करीब 10 घंटे तक पूछताछ की और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। हालांकि, ओरमांझी के प्रभारी मनोज कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि विनीत सिंह को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था और मारपीट के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

resizone elanza

Telegram channel

2023 में भी हो चुकी है बड़ी डकैती
गौरतलब है कि इसी राइस मिल परिसर में वर्ष 2023 में भी बड़ी डकैती हुई थी, जिसमें लाखों रुपये की संपत्ति लूटी गई थी। लगातार दूसरी बड़ी वारदात के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *