दुबई से झारखंड तक अपराध का जाल: प्रिंस खान ने सुजीत सिन्हा गिरोह से मिलाया हाथ, बढ़ी रंगदारी की साजिश

Prince Khan

रांची/जमशेदपुर: दुबई में बैठकर आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले कुख्यात अपराधी प्रिंस खान की सक्रियता अब जमशेदपुर तक पहुंच गई है। हाल ही में शहर में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह निवासी कारोबारी हरेराम सिंह के घर के बाहर हवाई फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के पीछे गोलमुरी निवासी दशरथ शुक्ला का हाथ होने की बात सामने आई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दशरथ शुक्ला रांची, जमशेदपुर और धनबाद के कई बड़े कारोबारियों से लॉरेंस बिश्नोई और प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी वसूलने की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं, दशरथ पर जमशेदपुर में कारोबारी राहुल झाबड़ा पर फायरिंग करने का भी आरोप है।

सुजीत सिन्हा गिरोह से हाथ मिलाया
रांची पुलिस की हालिया जांच में यह खुलासा हुआ है कि प्रिंस खान ने झारखंड के सबसे खतरनाक गिरोहों में से एक सुजीत सिन्हा गैंग के साथ गठबंधन कर लिया है। दोनों गिरोहों का मकसद एक ही है — व्यवसायियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलना। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान पाया कि यह नेटवर्क डर का माहौल बनाकर झारखंड के कारोबारियों से करोड़ों रुपये की उगाही करने की योजना पर काम कर रहा है।

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आ रहे हथियार
जांच में पकड़े गए कुछ अपराधियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह के पास मौजूद आधुनिक हथियार और कारतूस पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भारत में भेजे जा रहे हैं। ड्रोन के जरिए ये हथियार मोगा (पंजाब) के रास्ते झारखंड पहुंचते हैं, जिनका उपयोग बड़े अपराधों और फायरिंग की घटनाओं में किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह नेटवर्क झारखंड, बिहार, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। रांची पुलिस ने इन गिरोहों की डिजिटल कम्युनिकेशन चैनलों और हवाला नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

व्यवसायियों में फैली दहशत
लगातार हो रही फायरिंग और धमकियों से जमशेदपुर और रांची के कारोबारियों में भय का माहौल है।
कई व्यापारी अब पुलिस सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। रांची पुलिस ने इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया है और इंटरपोल के माध्यम से दुबई में बैठे प्रिंस खान पर भी कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है। प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह का गठबंधन झारखंड में संगठित अपराध की नई चुनौती बन गया है। पुलिस अब इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि प्रदेश में बढ़ती अपराध की इस लहर पर काबू पाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *