DC के निर्देश भी बेअसर: 5 दिन बाद भी नहीं बना राशन कार्ड, आयुष्मान से वंचित लिवर सिरोसिस का मरीज

Ration card irregularities

Gumla: गुमला सदर अस्पताल में भर्ती लिवर सिरोसिस से पीड़ित 30 वर्षीय जगरनाथ तिर्की के मामले ने प्रशासनिक दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर कर दिया है। उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद पांच दिन बीत जाने के बाद भी मरीज का राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड नहीं बन सका है, जिसके कारण वह आज भी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ से वंचित है। जानकारी के अनुसार, ग्राम काटासारू खटगांव निवासी जगरनाथ तिर्की, पिता रोपना उरांव, बीते 8 जून 2026 से सदर अस्पताल के वार्ड संख्या-125 के बेड संख्या-35 पर भर्ती हैं। वे गंभीर रूप से लिवर सिरोसिस की बीमारी से जूझ रहे हैं और आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में हैं।

दो दिन में कार्ड बनाने का दिया गया था निर्देश
बीते सोमवार को उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे थे और मरीज से मुलाकात कर उसकी स्थिति का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर राशन कार्ड बनाकर दो दिनों के भीतर आयुष्मान कार्ड जारी करने का निर्देश दिया था, ताकि मरीज को बेहतर इलाज मिल सके। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर दिए गए इस निर्देश का अब तक कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। पांच दिन गुजर जाने के बावजूद न तो राशन कार्ड बन पाया है और न ही आयुष्मान कार्ड जारी किया गया है।

मरीज ने लगाया उपेक्षा का आरोप
मरीज जगरनाथ तिर्की ने बताया कि उपायुक्त के दौरे के बाद उन्हें उम्मीद जगी थी कि सरकारी सुविधाएं जल्द उपलब्ध होंगी और इलाज में राहत मिलेगी, लेकिन हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर भी नियमित रूप से देखने नहीं आते हैं और उपायुक्त के जाने के बाद अस्पताल प्रशासन का कोई अधिकारी उनकी स्थिति जानने तक नहीं पहुंचा।

Adiwasi Mahotsav

भिक्षाटन कर जुटाए गए इलाज के पैसे
परिवार की आर्थिक स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की अध्यक्ष देवकी देवी ने मरीज की पत्नी रोहिणी कुजूर के साथ जशपुर रोड पर भिक्षाटन कर 310 रुपये एकत्र किए, ताकि इलाज का खर्च किसी तरह चलाया जा सके। यह घटना जिले में गरीब मरीजों के सामने आने वाली स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को भी उजागर करती है।

happy Teacher Day
happy Teacher Day

राशन कार्ड बनाने में अवैध वसूली का आरोप
शनिवार शाम करीब चार बजे देवकी देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गुमला जिले के कई प्रज्ञा केंद्रों और कैफे में तत्काल राशन कार्ड बनवाने के नाम पर 5 हजार से 8 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है। उन्होंने दावा किया कि पैसे के बल पर कई लोग आसानी से राशन कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जबकि वास्तविक जरूरतमंद महीनों तक भटकने को मजबूर हैं।

resizone elanza

Telegram channel

देवकी देवी ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में आपूर्ति विभाग के कुछ कर्मियों की मिलीभगत भी हो सकती है।

उठ रहे हैं कई सवाल
अब बड़ा सवाल यह है कि जब उपायुक्त स्तर के निर्देशों का भी समय पर अनुपालन नहीं हो पा रहा है, तो आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की स्थिति क्या होगी। गंभीर बीमारी से जूझ रहा जगरनाथ तिर्की और उसका परिवार अब भी प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए बैठा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जारी कर दिया जाए, तो मरीज को बेहतर इलाज मिल सकता है और परिवार को आर्थिक संकट से कुछ राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *