गिरिडीह में दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने तीन बच्चों की हत्या कर खुद भी की खुदकुशी
sucideगिरिडीह: जिले के पीरटांड़ प्रखंड के हरलाडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत महेशलिट्टी गांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शनिवार रात करीब 1 बजे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। यहां पिता ने अपनी दो बेटियों और एक बेटे की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना में मरने वालों की पहचान सनाउल अंसारी (36), उसकी दो बेटियां आफरीन परवीन (12), जैबा नाज (8) और बेटा सफाउल अंसारी (6) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात सनाउल अंसारी ने पहले अपने तीनों बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी, फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। यह घटना पूरे गांव में सनसनी फैला चुकी है। हालांकि अभी तक हत्या और आत्महत्या के पीछे की असल वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन परिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी को संभावित कारण माना जा रहा है। वहीं स्थानीय लोग इसे घरेलू कलह से जुड़ा मामला बता रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही हरलाडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिवार के अन्य सदस्यों एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों को विश्वास नहीं हो रहा कि एक पिता अपने ही बच्चों की जान कैसे ले सकता है।
हरलाडीह ओपी प्रभारी ने कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। घटना के पीछे की असली वजह जल्द सामने आ सकती है।
इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। क्या हमें मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक समस्याओं पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है? अपनी राय हमें कमेंट में बताएं।
(लेटेस्ट अपडेट के लिए हमारी वेबसाइट विजिट करें और हमारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फॉलो करें!)






