पलामू में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, बैट्री चोरी का आरोप निकला झूठा, मॉब लिंचिंग केस दर्ज

Mob Lynching

पलामू: झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में युवक पवन कुमार की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। शुरुआती तौर पर इस घटना को बैट्री चोरी से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अब जांच में एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए मॉब लिंचिंग की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही है।

लड़की से मिलने गया था युवक, फिर बना निशाना
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पवन कुमार शनिवार रात तेलियाही गांव में एक युवती से मिलने गया था। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और बैट्री चोर बताकर ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल पवन को पुलिस ने मौके से छुड़ाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में तनाव, सड़क जाम कर विरोध
घटना के बाद कोकरसा गांव में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीएसपी राजेश यादव, पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

एसपी ने कहा – मॉब लिंचिंग की धाराओं में होगी कार्रवाई
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक को चोरी के आरोप में बंधक बनाकर रखा गया है। पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़ाया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

munadi live whattsapp banne.jpg

एसपी के अनुसार, अब तक की जांच में सामने आया है कि युवक जिस घर में पकड़ा गया था, वहां की लड़की से मिलने गया था। पूरे मामले में मॉब लिंचिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

resizone elanza

Telegram channel

मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी भी
पुलिस ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जा रही है। पवन कुमार दलित समुदाय से था, इसलिए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी शुरू
घटना के बाद राज्य की राजनीति भी गर्मा गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। यह घटना एक बार फिर भीड़तंत्र और अफवाहों के खतरनाक परिणामों को सामने ला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *