गढ़वा में अवैध खनन पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन, उपायुक्त ने टास्क फोर्स को तेज छापेमारी के दिए निर्देश

Illegal Mining Garhwa

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जिले में किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में अब तक की कार्रवाई की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

अवैध खनन के खिलाफ तेज होगा अभियान
उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्रों में अवैध खनन की स्थिति, निगरानी व्यवस्था और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें तथा अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इन प्रखंडों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में उपायुक्त ने श्री बंशीधरनगर अनुमंडल के धुरकी, बिशनपुर, केतार और खरौंधी प्रखंडों में अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इन क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाने और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ निरंतर अभियान चलाना आवश्यक है।

संयुक्त छापेमारी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाएं, प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लें और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें। उन्होंने नियमित क्षेत्र भ्रमण, सघन निगरानी और कार्रवाई के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

munadi live whattsapp banne.jpg

जिला खनन पदाधिकारी ने दी जानकारी
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के तहत लागू प्रतिबंध अवधि के कारण अवैध खनन से संबंधित शिकायतों में कमी आई है। हालांकि जो शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उन पर विभाग तत्काल कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय और संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है।

resizone elanza

Telegram channel

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण के खिलाफ सतत, सघन और परिणामोन्मुख अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाना और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, दक्षिणी वन प्रमंडल के डीएफओ ई.बी. अब्राहम, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि शेष अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया। जिला प्रशासन ने दोहराया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *