16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम, लोकतंत्र की मजबूती पर जोर

National Voters Day

रांची: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर राजधानी रांची के आर्यभट्ट सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अलका तिवारी, राज्य निर्वाचन आयुक्त, झारखंड ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की नींव है और लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदाता का जानकार, सजग और निर्भीक होना आवश्यक है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। इसी उपलक्ष्य में वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India My Vote” और टैगलाइन “Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy” निर्धारित की गई है। निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, प्रलोभन, जाति, धर्म या भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

मतदाता पंजीकरण और जागरूकता पर विशेष जोर
अलका तिवारी ने बताया कि मतदाता पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक चार अर्हता तिथियों—1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर—के आधार पर आसानी से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट, बीएलओ या वोटर हेल्पलाइन ऐप का उपयोग किया जा सकता है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड में मतदाता जागरूकता को सशक्त बनाने के लिए 2886 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) और प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव पाठशालाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा, 966 वोटर अवेयरनेस फोरम मतदाता सूची के अद्यतनीकरण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

resizone elanza

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दी जानकारी
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में भागीदारी के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि मतदाता अपने बीएलओ से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और Book a Call सुविधा के माध्यम से 48 घंटे के भीतर सहायता भी मिल सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें अब तक 72 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और संपर्क विवरण सहित स्टीकर लगाएंगे।

सम्मान और विशेष उपलब्धियां
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ, युवा और ट्रांसजेंडर मतदाताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाची पदाधिकारियों और निर्वाचन कार्यालय के कर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश प्रदर्शित किया गया, मतदाता शपथ दिलाई गई और समापन भाषण के साथ आयोजन संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में युवा, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग एवं ट्रांसजेंडर मतदाता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 का यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और नागरिक सहभागिता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *