Tulsyan

DGP की क्राइम मीटिंग के कुछ घंटे बाद जमशेदपुर में फायरिंग, युवक घायल

Jamshedpur Firing

ओल्ड बाराद्वारी में स्कूटी सवार दो युवकों ने मो. राजा पर चलाईं 4-5 गोलियां, बांह में लगीं दो गोलियां

जमशेदपुर: शहर में अपराध पर लगाम लगाने को लेकर गुरुवार सुबह डीजीपी तदाशा मिश्रा ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ हाईलेवल क्राइम मीटिंग की। बैठक में हाल की आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की समीक्षा हुई। इसी दिन देर रात सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी फुलबस्ती में फायरिंग की घटना सामने आई। गुरुवार रात करीब 11:15 बजे स्कूटी सवार दो युवकों ने घर के बाहर खड़े मो. राजा पर कथित तौर पर 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान दो गोलियां राजा की बांह में लगीं। घायल अवस्था में उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था राजा
राजा के पुलिस को दिए बयान के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे वह अपने घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी से दो युवक वहां पहुंचे। राजा का आरोप है कि स्कूटी रुकते ही दोनों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। लगातार 4-5 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से दो उसकी बांह में लगीं। गोली लगने के बाद राजा जमीन पर गिर गया। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की ओर फरार हो गए।

शाम को हुआ था विवाद
पुलिस को दिए बयान में राजा ने बताया कि फायरिंग से कुछ घंटे पहले गुरुवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच उसका बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास दो युवकों से विवाद हुआ था। राजा के मुताबिक, विवाद के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई और उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी और किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा। राजा का आरोप है कि रात में इसी विवाद के बाद दोनों युवक उसके घर के पास पहुंचे और उस पर फायरिंग की।

DAV NANDRAJ

घटनास्थल से दो खोखे बरामद
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और वहां से दो खोखे बरामद किए। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। फायरिंग की घटना के बाद फुलबस्ती इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

maa-ram-pyari

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घायल राजा के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना के पीछे पुराने विवाद को एक महत्वपूर्ण बिंदु मानकर जांच शुरू की है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शाम को हुए विवाद और रात की फायरिंग के बीच सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस के सामने अब आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ इस्तेमाल किए गए हथियार और फायरिंग की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने की चुनौती है।

Jaipur

सुबह हुई थी हाईलेवल क्राइम मीटिंग
इस घटना का समय इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि गुरुवार सुबह ही जमशेदपुर में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में शहर की हाल की आपराधिक घटनाओं, पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई थी। इसके कुछ ही घंटों बाद फायरिंग की घटना सामने आने से पुलिस के सामने शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर एक और चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल सीतारामडेरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Read more: DGP की क्राइम मीटिंग के कुछ घंटे बाद जमशेदपुर में फायरिंग, युवक घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *