धनबाद में SSC MTS ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार

MTS Exam

धनबाद: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित MINERVA DIGITAL परीक्षा केंद्र में एसएससी (MTS) की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। केंद्र समन्वयक की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्र के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार परीक्षार्थियों की पहचान बिहार के लखीसराय जिले के रामचंद्रपुर निवासी रौनक कुमार और कोचगांव निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। वहीं परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत नालंदा जिले के दायमचक निवासी शशि कुमार को भी हिरासत में लिया गया है।

ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस से कराई जा रही थी नकल
पुलिस जांच के दौरान अभ्यर्थियों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस जैसे अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इन उपकरणों के माध्यम से परीक्षा के दौरान बाहर बैठे लोगों द्वारा उत्तर बताए जा रहे थे। पूछताछ में दोनों परीक्षार्थियों ने स्वीकार किया कि केंद्र के कर्मचारी ने ही उन्हें ये डिवाइस उपलब्ध कराए थे और पूरी साजिश पहले से तैयार की गई थी।

प्रति परीक्षार्थी 8 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नकल कराने के लिए प्रति परीक्षार्थी आठ लाख रुपये तय किए गए थे। आरोप है कि इसमें से ढाई लाख रुपये अग्रिम के रूप में लिए जा चुके थे। पुलिस अब इस पूरे रैकेट के आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

munadi live whattsapp banne.jpg

मोबाइल जांच में मिले अहम सबूत
गिरफ्तार कर्मचारी के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, प्रवेश पत्रों की प्रतियां और पैसों के लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं।

resizone elanza

Telegram channel

इस मामले में 13 फरवरी 2026 को गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए तकनीकी जांच भी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *