10 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ी गई 7वीं JPSC अधिकारी, ACB ने रंगे हाथों दबोचा
होमगार्ड जवान की गिरफ्तारी के बाद खुला मामला, दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी
रांची: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 7वीं JPSC से नियुक्त एक प्रोबेशन अधिकारी और एक होमगार्ड जवान को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम ने पहले एक होमगार्ड जवान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान जवान ने खुलासा किया कि वह यह राशि संबंधित प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर ले रहा था।
प्रोबेशन अधिकारी भी हिरासत में
होमगार्ड जवान से मिली जानकारी के आधार पर एसीबी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 7वीं JPSC से नियुक्त प्रोबेशन अधिकारी सिमरन को भी हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपियों से मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ACB कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, रिश्वतखोरी के इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक महकमे में मची हलचल
एक प्रोबेशन अधिकारी के रिश्वत मामले में पकड़े जाने के बाद सरकारी और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



