अबुआ दिशोम बजट 2026–27: बैंकर्स के साथ बजट पूर्व मंथन, महिलाओं पर फोकस
जत जयंती वर्ष में यूनिक, मजबूत और जनहितकारी बजट का लक्ष्य
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची स्थित एफएफपी बिल्डिंग में अबुआ दिशोम बजट 2026–27 को लेकर राज्य के बैंकर्स के साथ बजट पूर्व गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अहम बैठक की अध्यक्षता राधाकृष्ण किशोर, माननीय मंत्री, वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग ने की। बैठक में वित्त, ग्रामीण विकास और अन्य संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी तथा सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य के बैंकर्स सरकार के तीसरे महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में कार्य करते हैं और राज्य के कमजोर एवं वंचित तबकों के आर्थिक उत्थान में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है। बैंकर्स से प्राप्त सुझावों को अबुआ दिशोम बजट 2026–27 में शामिल किया जाएगा।
रजत जयंती वर्ष में पेश होगा विशेष बजट
वित्त मंत्री ने बताया कि अबुआ दिशोम बजट 2026–27 झारखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रस्तुत किया जाएगा। ऐसे में सरकार का लक्ष्य है कि यह बजट यूनिक, मजबूत और जनहितकारी हो—जो न केवल झारखंड के लिए बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी एक मिसाल बने।
उन्होंने कहा कि झारखंड अपने स्वयं के संसाधनों और नीतिगत मजबूती के आधार पर ऐसा बजट प्रस्तुत करेगा, जो राज्य के समग्र विकास की नई दिशा तय करेगा।
नारी सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने स्पष्ट किया कि हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण राज्य सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मंइयाँ सम्मान योजना और मंइयाँ उत्थान कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं के आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बैंकर्स से आह्वान किया कि वे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सरकार का और अधिक सहयोग करें। बैंकर्स द्वारा दिए गए सुझावों को बजट में शामिल किया जाएगा, ताकि योजनाओं का प्रभाव जमीनी स्तर पर और मजबूत हो सके।
100 गांव गोद लेने पर बनी सहमति
बैठक में एक महत्वपूर्ण सहमति यह बनी कि अबुआ दिशोम बजट 2026–27 के तहत बैंक राज्य के कम से कम 100 गांवों को गोद लेंगे, जहां महिलाओं के उत्थान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार इस पहल में बैंकों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जा सके।
अबुआ दिशोम बजट ऐप से मिले 1550+ सुझाव
बैठक में यह भी बताया गया कि अबुआ दिशोम बजट ऐप के माध्यम से अब तक 1550 से अधिक सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। इन सुझावों के जरिए आम जनता, विशेषज्ञों और संस्थानों की भागीदारी से बजट को और अधिक समावेशी बनाया जा रहा है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बजट पूर्व गोष्ठी में
- अमरेंद्र प्रताप सिंह (अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग)
- अबू इमरान
- अमित कुमार
- हरिद्वार दयाल
- संदीप सिंह के साथ State Bank of India, HDFC Bank, Canara Bank, Punjab National Bank, Bank of India सहित कई बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








