कुज्जू में बालू घाट टेंडरधारी कारोबारी के घर फायरिंग, इलाके में दहशत

Kujuu Firing

घर में घुसकर कई राउंड फायरिंग

Ramgarh : जिले के कुज्जू थाना क्षेत्र अंतर्गत नया मोड़, सीसीएल अस्पताल के सामने बालू घाटों का टेंडर लेने वाली गुरुदेव ट्रेडिंग के प्रोपराइटर डब्बू सिंह के आवास पर सोमवार रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। बाइक से आए अपराधी घर के परिसर में घुसे और कई राउंड गोलियां चलाने के बाद फरार हो गए। घटना के समय कारोबारी डब्बू सिंह अपने पूरे परिवार के साथ घर में मौजूद थे।

खिड़की, गाड़ी और गेट पर गोलियों के निशान
अपराधियों की फायरिंग से घर की खिड़की, मुख्य गेट और परिसर में खड़ी गाड़ी पर गोलियों के निशान बन गए हैं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और पुलिस से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लंबे समय से मिल रही थी धमकी
पीड़ित कारोबारी डब्बू सिंह ने पुलिस को बताया कि राहुल दूबे द्वारा उन्हें लंबे समय से धमकियां दी जा रही थीं। उन्होंने कहा कि पूरे जिले का बालू घाट टेंडर उनकी कंपनी गुरुदेव ट्रेडिंग को मिला है। हालांकि बालू घाट से संबंधित मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है और 13 जनवरी को इस पर फैसला आने की संभावना है, जिसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर संचालन शुरू होना है।

Adiwasi Mahotsav

रंगदारी नहीं देने पर कराई गोलीबारी
डब्बू सिंह के अनुसार, राहुल दूबे गैंग की ओर से बालू कारोबार चलाने के एवज में प्रति सीएफटी पांच रुपये की अवैध रंगदारी की मांग की जा रही थी। जब उन्होंने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया, तो उनके घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई। घटना के बाद अपराधियों ने फोन कर फिर से धमकी दी कि अगर अब भी नहीं माने तो गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

happy Teacher Day

परचा फेंककर ली गई जिम्मेदारी
पीड़ित कारोबारी ने यह भी बताया कि अपराधियों ने मौके पर एक परचा फेंककर गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन इस बार सीधे उनके घर को निशाना बनाया गया है।

resizone elanza

Telegram channel

पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है। फायरिंग के दौरान जमीन पर गिरे खोखे भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा
मांडू अंचल के इंस्पेक्टर रजत कुमार ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *