...

बंगाल के नए मुख्यमंत्री का ऐलान आज

West Bengal New Chief Minister

अमित शाह कोलकाता पहुंचे, शुभेंदु अधिकारी सबसे आगे!

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा दिन माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी अब राज्य में अपनी पहली सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है। राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान आज हो सकता है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच चुके हैं, जहां भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने अमित शाह की अगवानी की।

विधायक दल की बैठक में होगा फैसला
भाजपा सूत्रों के मुताबिक आज शाम 4 बजे विधायक दल की अहम बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में नवनिर्वाचित भाजपा विधायक शामिल होंगे और विधायक दल का नेता चुना जाएगा। यही नेता पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। बताया जा रहा है कि यह पूरी प्रक्रिया अमित शाह की मौजूदगी और निगरानी में होगी। भाजपा नेताओं के अनुसार नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जा सकता है।

शुभेंदु अधिकारी सबसे आगे
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे शुभेंदु अधिकारी बताए जा रहे हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया था। भाजपा के भीतर उन्हें मजबूत संगठनात्मक पकड़ और जनाधार वाला नेता माना जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री पद के लिए कुछ अन्य नामों पर भी चर्चा चल रही है। इनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता शामिल हैं।

विधानसभा भंग होने के बाद रास्ता साफ
चुनाव परिणाम आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा संवैधानिक विवाद खड़ा हो गया था। ममता बनर्जी ने चुनावी नतीजों पर सवाल उठाते हुए औपचारिक इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद राज्यपाल आरएन रवि ने संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए विधानसभा भंग कर दी। राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह फैसला संवैधानिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लिया गया है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

बीजेपी की ऐतिहासिक जीत
2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। इन नतीजों के बाद बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर भाजपा बंगाल की कमान किस चेहरे को सौंपती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *