झारखंड में आज घोषित हो सकती है नगर निकाय चुनाव की तिथि, दोपहर 2 बजे चुनाव आयोग की PC

Jharkhand Updates

Ranchi: झारखंड में बीते चार वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर आज बड़ा फैसला सामने आ सकता है। राज्य निर्वाचन आयोग मंगलवार को दोपहर दो बजे एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है, जिसमें नगर निकाय चुनाव की तिथि की औपचारिक घोषणा होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस घोषणा पर राज्य की राजनीति और शहरी प्रशासन दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।

सूत्रों के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगी और चुनाव कार्यक्रम से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगी। जैसे ही चुनाव की तिथि घोषित होगी, पूरे राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और प्रशासनिक गतिविधियों पर निर्वाचन आयोग की निगरानी शुरू हो जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग नगर निकाय चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर चुका है। चुनाव से संबंधित गजट प्रकाशन का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है और अब केवल अधिसूचना जारी होना बाकी है। अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही नामांकन, स्क्रूटनी, नाम वापसी और मतदान की तिथियों की भी आज घोषणा किए जाने की संभावना है।

Adiwasi Mahotsav

इस बार झारखंड के कुल 48 नगर निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इन शहरी निकायों में पिछले कई वर्षों से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभाव रहा है और प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से कार्य संचालित किया जा रहा था। ऐसे में चुनाव की घोषणा को स्थानीय लोकतंत्र की बहाली की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

happy Teacher Day

नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित होते ही राज्य की सियासत में भी हलचल तेज होने की उम्मीद है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी चुनावी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट जाएंगे। वहीं, शहरी मतदाताओं को एक बार फिर अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा, जिससे शहरी विकास, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय शासन को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *