Tulsyan

गढ़वा विधायक के 2 साल पूरे, मिथिलेश ठाकुर ने पूछा- विकास का रोडमैप कहां है?

गढ़वा में प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर

पूर्व मंत्री का तंज- आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर जनता के काम पर ध्यान दें सत्येंद्रनाथ, विधानसभा में गढ़वा के मुद्दे मजबूती से उठाएं

गढ़वा: गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के मौजूदा कार्यकाल के दो साल पूरे होने के मौके पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और झामुमो नेता मिथिलेश कुमार ठाकुर ने रविवार को कल्याणपुर स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी से आगे बढ़कर अब जनता के विकास का रोडमैप सामने रखना चाहिए। मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जनता ने सत्येंद्रनाथ तिवारी को करीब साढ़े चार लाख लोगों का प्रतिनिधि चुना है। ऐसे में विधायक की जिम्मेदारी किसी एक राजनीतिक दल या समर्थक वर्ग तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, विपक्ष में रहते हुए भी विधायक जनता की समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठा सकते हैं और सरकार से जवाब मांग सकते हैं।

दो साल बाद विधायक से पूछा- अब तक क्या किया?
पूर्व मंत्री ने विधायक से सवाल किया कि पिछले दस वर्षों में गढ़वा के लिए उन्होंने क्या काम किया और मौजूदा कार्यकाल के दो वर्षों में कितनी योजनाएं स्वीकृत कराई गईं। उन्होंने यह भी पूछा कि विकास से जुड़े कितने प्रस्ताव सरकार को भेजे गए और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए अब तक कौन-कौन से ठोस प्रयास किए गए। ठाकुर ने कहा कि उनके पुराने कार्यकाल के कामों की समीक्षा और आलोचना चुनाव के समय जनता के बीच हो सकती है, लेकिन फिलहाल विधायक को अपने वर्तमान दायित्व पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कॉलेज, पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय और अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं के भवन तैयार होने के बावजूद यदि उनका संचालन शुरू नहीं हुआ है, तो विधायक को इस मुद्दे को विधानसभा में उठाना चाहिए। सरकार से जवाब मांगना चाहिए और संबंधित योजनाओं को शुरू कराने के लिए पहल करनी चाहिए। ठाकुर ने यह भी कहा कि यदि सत्येंद्रनाथ तिवारी गढ़वा के विकास के लिए कोई ठोस कदम उठाते हैं तो वे उसका समर्थन करने के लिए तैयार हैं।

विधायक निधि को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप
विधायक निधि के मुद्दे पर मिथिलेश ठाकुर ने राज्य सरकार द्वारा विधायक निधि बढ़ाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस राशि का इस्तेमाल जनहित के बजाय अपने लोगों के माध्यम से कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और विधायक निधि को लेकर सवाल उठाने पर झामुमो से जुड़े नेताओं को निशाना बनाया जाता है। ठाकुर ने धीरज दुबे, शरीफ अंसारी, संजय छोटू और चंदन पासवान समेत पार्टी नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक बयानबाजी की जाती है।

DAV NANDRAJ

‘अलकतरा घोटाले’ का जिक्र कर विधायक पर पलटवार
मिथिलेश ठाकुर ने विधायक की ओर से उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा उन पर कथित तौर पर 5200 करोड़ रुपये के गबन और विदेश जाने जैसे आरोप लगाए जाते हैं। ठाकुर ने कहा कि चुनाव से एक दिन पहले केंद्रीय एजेंसियों ने उनके आवास पर छापेमारी की थी। उनके मुताबिक, इस कार्रवाई में पुराने चुनावी पंपलेट के बंडल के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि एजेंसियों को कार्रवाई के दौरान क्या मिला, इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। इसी दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में अलकतरा की खरीद और कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए विधायक पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विधायक को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने ऊपर लगे मामलों को भी देखना चाहिए। इन आरोपों और मामलों की वास्तविक स्थिति संबंधित जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही स्पष्ट होगी।

maa-ram-pyari

व्यक्तिगत टिप्पणियों पर भी भड़के मिथिलेश
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद विधायक की ओर से उनके और उनके परिवार को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने कहा कि वह सत्येंद्रनाथ तिवारी को सार्वजनिक रूप से हमेशा ‘विधायक जी’ या ‘माननीय विधायक’ कहकर संबोधित करते हैं, लेकिन उनके लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक संबोधन इस्तेमाल किए जाते हैं। ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक बहस को व्यक्तिगत स्तर तक ले जाने के बजाय जनता के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने मुखियाओं को लेकर विधायक के कथित बयानों पर भी सवाल उठाया और फरठिया तथा दुलदुलवा के मुखियाओं के संदर्भ में विधायक से स्पष्टीकरण मांगा।

Jaipur

‘अभी तीन साल काम करें, फिर जनता के बीच जाएं’
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि विधायक के कार्यकाल में अभी करीब तीन साल बाकी हैं। ऐसे में उन्हें चुनावी राजनीति की बजाय क्षेत्र के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में जनता के सामने अपने काम का हिसाब देना होगा। ठाकुर ने अपने राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वह भी अपने विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच गए थे और जब जनता ने उन्हें नकारा तो उन्होंने जनादेश को स्वीकार किया।

resizone-elanza
rlifecare

मीडिया से बोले- विधायक से विकास का एजेंडा जरूर पूछिए
पूर्व मंत्री ने मीडिया से भी अपील की कि जब भी विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से मुलाकात हो तो उनसे गढ़वा के विकास का एजेंडा जरूर पूछा जाए। उन्होंने कहा कि विधायक से यह सवाल होना चाहिए कि गढ़वा की प्रमुख समस्याओं का समाधान कैसे होगा, कौन-सी नई योजनाएं लाई जा रही हैं और अगले तीन वर्षों के लिए उनका विकास रोडमैप क्या है। ठाकुर ने विधानसभा में विधायक की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह कई बार इंजीनियरों और अधिकारियों पर आरोप लगाने तक सीमित रहते हैं। उनके अनुसार, विधायक को सदन में जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना चाहिए।

Read more: गढ़वा विधायक के 2 साल पूरे, मिथिलेश ठाकुर ने पूछा- विकास का रोडमैप कहां है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *