लातेहार में भीषण बस हादसा: ओरसा घाटी में पलटी छत्तीसगढ़ से आ रही बस

Orsa Ghati

5 की मौत की आशंका, 25 से अधिक घायल

Latehar : झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। महुआडांड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओरसा घाटी में छत्तीसगढ़ से आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि 25 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

घाटी में अनियंत्रित होकर पलटी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ से आ रही यह बस रिजर्व वाहन थी, जिसमें सवार लोग किसी पारिवारिक समारोह (मेहमानी) में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही बस ओरसा घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंची, चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस में सवार लगभग सभी यात्री घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने दिखाया मानवता का परिचय
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी वाहनों से कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों की तत्परता से कई घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही महुआडांड़ एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने तुरंत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया। उनके निर्देश पर महुआडांड़, गारू और नेतरहाट की स्वास्थ्य टीम एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल लाया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कई घायलों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

munadi live whattsapp banne.jpg

एसडीएम का बयान
महुआडांड़ एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया—

resizone elanza

Telegram channel

“घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को एंबुलेंस के साथ भेजा गया। अब तक 25 से अधिक घायलों को अस्पताल लाया गया है। सभी का इलाज चल रहा है। चिकित्सकीय जांच के बाद ही मृतकों और घायलों की सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।”

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। मृतकों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *