...

रांची में कारोबारी को गैंगस्टरों की धमकी! ₹2 करोड़ रंगदारी नहीं दी तो परिवार खत्म करने की चेतावनी

Extortion from Ranchi Businessman

रांची: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र से रंगदारी और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक कारोबारी से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वालों ने रकम नहीं देने पर पूरे परिवार की हत्या, बेटे की जान लेने, पेट्रोल पंप और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी तथा फायरिंग कराने की चेतावनी दी है। मामले में पीड़ित कारोबारी ने कांके थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अंतरराष्ट्रीय नंबर से आया धमकी भरा कॉल
पीड़ित कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि 5 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल रिसीव नहीं करने के बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। मैसेज में एक सप्ताह के भीतर 2 करोड़ रुपये देने और इसके बाद हर महीने 10 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई।

पेट्रोल पंप, मॉल और परिवार को उड़ाने की धमकी
धमकी भरे संदेश में कहा गया कि यदि तय समय के भीतर रकम नहीं दी गई तो कारोबारी के पेट्रोल पंप, घर और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी और फायरिंग कराई जाएगी। इसके अलावा उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाने और पूरे परिवार की हत्या करने की भी धमकी दी गई। मैसेज में कारोबारी के बेटे की हत्या करने की भी चेतावनी दी गई। साथ ही यह दावा किया गया कि धमकी देने वालों के पास कारोबारी के परिवार और कारोबार से जुड़ी पूरी जानकारी मौजूद है।

गैंग के नाम का भी किया गया जिक्र
कारोबारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि व्हाट्सएप संदेश के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ था। उन्होंने धमकी वाले संदेश की कॉपी भी पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंप दी है। हालांकि, पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि संदेश वास्तव में इन गैंगों की ओर से भेजा गया है या किसी ने उनके नाम का इस्तेमाल कर धमकी दी है।

munadi live whattsapp banne.jpg

संपत्ति विवाद के एंगल से भी जांच
शिकायत में कारोबारी ने यह भी बताया है कि पिछले लगभग एक महीने से उनके भतीजे के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि जब भी वे मकान खाली करने की बात करते हैं, उसी दौरान इस तरह की धमकियां मिलने लगती हैं। इसी वजह से पुलिस रंगदारी के साथ-साथ संपत्ति विवाद के एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है।

resizone elanza

Telegram channel

पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच
कांके थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अंतरराष्ट्रीय नंबर, व्हाट्सएप संदेश, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही धमकी देने वालों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *