गिरिडीह CCL साइडिंग में खूनी झड़प, चाकूबाजी में युवक की मौत

Giridih CCL Clash

कोयला चोरी को लेकर हिंसक झड़प, चाकूबाजी में युवक की मौत

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित सीसीएल के सीपी साइडिंग (क्रशर) क्षेत्र में मंगलवार रात हिंसक झड़प हो गई। कथित कोयला चोरों और साइडिंग कर्मियों के बीच हुई भिड़ंत देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। घटना के दौरान जमकर पथराव हुआ, वाहनों में तोड़फोड़ की गई और चाकूबाजी भी हुई। इस हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

चाकू लगने से युवक की मौत
मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खंडीहा निवासी दिलीप दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम वह घर से शौच के लिए निकला था और इसी दौरान कबरीबाद खंडिहा क्रशर इलाके में हिंसा की चपेट में आ गया। घटना के बाद घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भतीजे आशीष दास ने सीसीएल अधिकारी रामसागर समेत करण, विकास, असगर, अख्तर और बालदेव सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दिलीप दास को घेरकर चाकू मारा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कर्मियों ने कोयला चोरों पर लगाया हमला करने का आरोप
दूसरी ओर साइडिंग और क्रशर में तैनात कर्मियों का कहना है कि मंगलवार रात करीब 40 से 50 लोगों ने कोयला लदी हाइवा को रोक दिया था। सूचना मिलने पर जब कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया। साइडिंग कर्मी रामसागर ने बताया कि कई कर्मियों के साथ मारपीट की गई और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। वहीं गार्ड असगर ने दावा किया कि हमले में आधा दर्जन गार्ड घायल हुए हैं। कर्मियों का कहना है कि वे सिर्फ अपनी ड्यूटी कर रहे थे और चाकूबाजी उनकी तरफ से नहीं हुई।

munadi live whattsapp banne.jpg

स्थानीय प्रतिनिधि ने क्या कहा?
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय पूर्व मुखिया शंकर दास ने कहा कि कोलियरी क्षेत्र के आसपास रहने वाले कई परिवारों की आजीविका कोयला पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अवैध कोयला चोरी में शामिल रहते हैं और मंगलवार रात इसी को लेकर विवाद बढ़ गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।

resizone elanza

Telegram channel

पुलिस और प्रबंधन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, सीसीएल महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। एसडीपीओ ने कहा कि झड़प के दौरान एक व्यक्ति की चाकू लगने से मौत हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इलाके में तनाव, जांच जारी
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आरोपियों की पहचान में जुटी है। इस बीच सीसीएल प्रबंधन का कहना है कि कोयला चोरों ने हमला किया था, जबकि मृतक के परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।

अब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि इस हिंसक झड़प के पीछे असली वजह क्या थी और चाकूबाजी किसने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *