CCL का डिजिटल बदलाव: रिटायर्ड कर्मियों के मेडिकल क्लेम और आश्रितों के रोजगार आवेदन अब ऑनलाइन
CMD निलेंदु कुमार सिंह ने CPRMSE/NE 2.0 और Online Dependent Employment Portal का किया शुभारंभ
कागजी प्रक्रिया से मिलेगी राहत
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने अपने कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को बेहतर, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। सीसीएल मुख्यालय रांची के मंथन सभागार में CPRMSE/NE 2.0 Portal और Online Dependent Employment Portal का शुभारंभ किया गया। दोनों पोर्टलों का उद्घाटन सीसीएल के CMD निलेंदु कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित सीसीएल के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
मेडिकल क्लेम की प्रक्रिया होगी डिजिटल
CPRMSE/NE 2.0 Portal के जरिए सेवानिवृत्त कोल कर्मियों के मेडिकल क्लेम और रिम्बर्समेंट की पारंपरिक कागजी प्रक्रिया को डिजिटल वर्कफ्लो में बदल दिया गया है। अब सेवानिवृत्त कर्मचारी घर बैठे मेडिकल क्लेम और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इसके साथ ही वे अपने क्लेम की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे। यदि किसी क्लेम पर कोई ऑब्जर्वेशन या आपत्ति आती है तो उसका जवाब भी डिजिटल माध्यम से दिया जा सकेगा। पोर्टल के जरिए PRB, CMS/Medical और Finance विभागों के बीच क्लेम का इलेक्ट्रॉनिक मूवमेंट, कार्य आवंटन और डिजिटल रिकॉर्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा ऑडिट ट्रेल और SMS/मोबाइल अलर्ट की सुविधा भी दी गई है। इससे क्लेम प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मियों को संबंधित कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

दिवंगत कर्मियों के आश्रितों के लिए भी ऑनलाइन सुविधा
दूसरी बड़ी पहल Online Dependent Employment Portal है। इसका उद्देश्य सेवा अवधि के दौरान दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रितों या दावेदारों के लिए रोजगार अथवा NCWA के तहत आर्थिक मुआवजे से संबंधित प्रस्तावों की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना है। आश्रित इस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन या प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे और मामले की स्थिति को विभिन्न चरणों में ऑनलाइन देख सकेंगे। पोर्टल पर कमियों, लंबित कार्यों और प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों की जानकारी भी उपलब्ध होगी। इसके लिए SMS और ई-मेल अलर्ट की व्यवस्था की गई है। वहीं, अधिकारियों के लिए केंद्रीकृत मॉनिटरिंग और डैशबोर्ड की सुविधा दी गई है, जिससे मामलों की निगरानी और निपटारे की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

CCL की इन-हाउस टीम ने तैयार किए दोनों पोर्टल
इन दोनों डिजिटल पहलों की खास बात यह है कि CPRMSE/NE 2.0 और Online Dependent Employment Portal का विकास सीसीएल के System Department की इन-हाउस टेक्निकल टीम ने किया है। यह पहल कंपनी के भीतर मौजूद तकनीकी दक्षता और मानव संसाधन के प्रभावी उपयोग को भी दर्शाती है। बाहरी तकनीकी एजेंसी पर निर्भरता के बजाय सीसीएल की अपनी टीम ने इन डिजिटल समाधानों को विकसित किया है।

CMD ने टीम को दी बधाई
इस अवसर पर सीसीएल CMD निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि दोनों पोर्टलों का इन-हाउस विकास कंपनी की तकनीकी क्षमता और नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। CMD ने इस पहल के लिए संबंधित विभागों और System Department की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के डिजिटल समाधान सेवा वितरण को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Centrally Monitored Digital Service Delivery की ओर CCL
CPRMSE/NE 2.0 और Online Dependent Employment Portal के जरिए CCL ने Centrally Monitored Digital Service Delivery की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव की शुरुआत की है। दोनों पोर्टल प्रक्रियाओं को पेपरलेस और पारदर्शी बनाने के साथ लाभार्थियों की सुविधा, जवाबदेही और विभागीय कार्यप्रणाली की दक्षता को मजबूत करने में मदद करेंगे। खासतौर पर सेवानिवृत्त कर्मियों और दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों तक कल्याणकारी सेवाओं की आसान और अधिक सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में यह पहल अहम मानी जा रही है।





