JPSC Scam : CID का बड़ा एक्शन, रांची समेत 4 जिलों में 20 से ज्यादा ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

JPSC Scam

कोचिंग संस्थानों के संचालकों के ठिकाने भी जांच के घेरे में, रांची में 15 से अधिक स्थानों पर कार्रवाई

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती नजर आ रही है। मामले की जांच कर रही झारखंड सीआईडी (CID) ने सोमवार सुबह बड़ा अभियान चलाते हुए रांची, बोकारो, पलामू और हजारीबाग में एक साथ 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। यह कार्रवाई परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के उद्देश्य से की जा रही है।

कोचिंग संचालकों के ठिकाने पर भी कार्रवाई
सीआईडी की जांच का दायरा अब कोचिंग संस्थानों तक भी पहुंच गया है। रांची में कई कोचिंग संस्थानों के संचालकों के ठिकानों पर सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी बाहरी नेटवर्क या कोचिंग संस्थान की कोई भूमिका तो नहीं रही।

रांची में 15 से अधिक स्थानों पर छापेमारी
जानकारी के मुताबिक राजधानी रांची के धुर्वा, नामकुम समेत 15 से अधिक स्थानों पर एक साथ कार्रवाई चल रही है। सीआईडी की अलग-अलग टीमें संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई हैं।

Adiwasi Mahotsav

पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
गौरतलब है कि JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में सीआईडी पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान उप परीक्षा नियंत्रक, निजी एजेंसी से जुड़े अधिकारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई है। पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते से भी कई दौर की लंबी पूछताछ हो चुकी है। इसके अलावा OMR शीट से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की जांच भी जारी है।

happy Teacher Day
happy Teacher Day

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
फिलहाल सीआईडी की यह कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *