...
hemant
Tulsyan

‘चुनाव आयोग मोहरा है’ : INDIA की दिल्ली रैली से पहले हेमंत सोरेन का बड़ा बयान

INDIA गठबंधन की दिल्ली रैली से पहले हेमंत सोरेन का SIR और चुनाव आयोग पर बयान

SIR को लेकर झारखंड में भी नजर: हेमंत सोरेन, मॉक पार्लियामेंट में महुआ माजी भी हुईं शामिल

नई दिल्ली/रांची: दिल्ली में रविवार, 1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA गठबंधन की महारैली से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। रैली में शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन शुक्रवार शाम दिल्ली पहुंच चुके हैं। रैली से एक दिन पहले 31 अक्टूबर को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित जन महाभियोग यानी मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को अपने बगल में अगली कतार में बैठाया। मॉक पार्लियामेंट में INDIA गठबंधन के नेताओं और नागरिक प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।कार्यक्रम के बाद हेमंत सोरेन ने चुनाव आयोग और SIR को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग तो केवल मोहरा है। इसको चलाने वाले तो कोई और हैं। जो-जो लोग इसमें शामिल हैं, वो सभी नपेंगे।”

SIR को लेकर झारखंड में भी नजर: हेमंत सोरेन
हेमंत सोरेन ने कहा कि INDIA गठबंधन के कार्यक्रम में विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने SIR के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों तथा मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी SIR का प्रभाव है और उनकी पार्टी इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रही है। हेमंत सोरेन के मुताबिक, “हम लोगों ने भी कई चोरों को पकड़ा है। SIR पर हमारी कड़ी नजर है। हम इसको लेकर काफी सजग हैं।” उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों पर SIR को लेकर अलग-अलग तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं और इसी वजह से विपक्षी दल एकजुट हुए हैं।

मॉक पार्लियामेंट में महुआ माजी भी हुईं शामिल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी शामिल हुईं। वह इससे पहले भी चुनाव आयोग और SIR से जुड़े विपक्ष के कार्यक्रमों में भाग लेती रही हैं। कार्यक्रम में विपक्षी दलों के नेताओं के अलावा नागरिक प्रतिनिधियों ने भी चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और मताधिकार से जुड़े मुद्दे उठाए। INDIA गठबंधन का कहना है कि SIR के दौरान आम मतदाताओं को होने वाली समस्याओं को सामने लाना और मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।

DAV NANDRAJ

झारखंड कांग्रेस के नेता भी दिल्ली पहुंचे
रविवार को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली में शामिल होने के लिए झारखंड कांग्रेस के प्रमुख नेता, मंत्री और विधायक भी दिल्ली पहुंचे हैं। झारखंड से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के भी दिल्ली पहुंचने की तैयारी है। रैली के जरिए विपक्षी दल केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जुड़े कई मुद्दों को राजनीतिक रूप से उठाने की तैयारी में हैं।

maa-ram-pyari

कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक मार्च
रविवार की मुख्य रैली से पहले दोपहर 12 बजे कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक मार्च प्रस्तावित है। इसके बाद रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की बड़ी सभा होगी। कांग्रेस ने दावा किया है कि यह देश में अब तक की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी। विपक्षी दल इस कार्यक्रम के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने की मांग उठा रहे हैं।

Jaipur

21 दलों के नेताओं के शामिल होने का दावा
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत INDIA गठबंधन के विभिन्न दलों के नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के कारण चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। वहीं, SIR को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। दिल्ली की यह रैली ऐसे समय में हो रही है जब मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में हेमंत सोरेन का बयान और रविवार की रैली दोनों ही राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन सकते हैं।

Read more: ‘चुनाव आयोग मोहरा है’ : INDIA की दिल्ली रैली से पहले हेमंत सोरेन का बड़ा बयान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Seraphinite AcceleratorOptimized by Seraphinite Accelerator
Turns on site high speed to be attractive for people and search engines.