जेएससीए स्टेडियम के बाहर वनडे टिकटों की काला बाजारी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Ticket Black Marketing

सात पर केस दर्ज, पुलिस कर रही नेटवर्क की तलाश

रांची: रांची में 30 नवंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह के बीच टिकटों की काला बाजारी भी चरम पर पहुँच गई थी। लेकिन मैच से ठीक पहले राजधानी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया। धुर्वा थाना पुलिस ने जेएससीए स्टेडियम के करीब स्थित समाग्रह रेस्टोरेंट में छापेमारी कर टिकटों की ऊंचे दामों पर बिक्री कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं सात अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।

धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद सिंह (विधानसभा क्षेत्र), प्रियांशु राज (धुर्वा बस स्टैंड के पास) और सुधीर कुमार (जेपी मार्केट, विद्यानगर) के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से टिकट, एक स्कूटी और काला बाजारी में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद किए हैं।

काउंटर पर रेजा-कुलियों को खड़ा कर खरीदवाए गए थे टिकट
पुलिस को सूचना मिल रही थी कि स्टेडियम में तैनात कुछ स्थानीय युवक मजदूरों और रेजा-कुलियों को पैसे देकर टिकट काउंटर की लाइन में लगवा रहे हैं और बड़ी संख्या में टिकट खरीदकर बाहर कई गुना दाम पर बेच रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने गुरुवार देर शाम समाग्रह रेस्टोरेंट में छापेमारी की।

जांच के दौरान पुलिस को मौके पर मौजूद अरविंद सिंह और प्रियांशु राज संदिग्ध अवस्था में मिले। उनसे पूछताछ में पता चला कि वे 2000 रुपये वाले टिकट को 8000 में, 1700 रुपये के टिकट को 4500 में और 1200 के टिकट को 3000 रुपये में बेच रहे थे। पुलिस ने दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

इसके बाद कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए सुधीर कुमार को भी पकड़ा गया, जिसके पास से तीन टिकट मिले। पुलिस का कहना है कि काला बाजारी की यह गतिविधि एक संगठित गिरोह द्वारा चलाई जा रही थी, जिसमें कई अन्य लोग भी शामिल हैं।

resizone elanza

आदर्शनगर का सुनीत उर्फ बच्चा बताया जा रहा मास्टरमाइंड
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे आदर्शनगर निवासी सुनीत उर्फ बच्चा का दिमाग है। आरोपियों ने बताया कि सुनीत ने टिकट खरीदने के लिए जितेंद्र जायसवाल, विशाल चिक्की, अमित टोबो, संतोष कुमार, ऋतिक कुमार और मनीष कुमार को लगाया था। ये लोग मजदूरों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों को पैसे देकर टिकट काउंटर की कतार में लगवाते थे और उनसे टिकट खरीदकर आगे सप्लाई करते थे।

the-habitat-ad

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के इस नेटवर्क ने काउंटर खुलते ही बड़ी संख्या में टिकट खरीद लिए थे, जिसकी वजह से सामान्य दर्शकों को काउंटर पर टिकट मिलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यही कारण है कि फैंस सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद टिकट नहीं ले पा रहे थे।

टिकटों की कमी और काला बाजारी से बढ़ी फैंस की परेशानी
भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ियों के रांची पहुंचने के बाद से ही मैच को लेकर फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ गया है। विराट कोहली और रोहित शर्मा के रांची आने के बाद टिकटों की मांग अचानक बढ़ गई। इस बढ़ती मांग का फायदा उठाते हुए काला बाजारियों ने टिकटों को अपनी मोनोपॉली बनाकर आम लोगों की जेब पर भारी चोट पहुंचाई।

स्टेडियम के बाहर कई युवक टिकटों की भारी कमी का फायदा उठाकर एक टिकट की कीमत 3 से 5 गुना तक वसूल रहे थे। सोशल मीडिया पर भी टिकटों की ऊंची कीमत पर बिक्री की चर्चाएँ तेज थीं। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई के बाद इन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगा है।

पुलिस की अगली कार्रवाई—नेटवर्क का पूरा खुलासा जल्द
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियाँ मिल रही हैं। सात अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर मामला दर्ज किया गया है। सभी की धर-पकड़ के लिए छापेमारी जारी है।

धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो ने बताया कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मैच के दौरान टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए पूरे स्टेडियम क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है और एक विशेष पुलिस टीम भी सक्रिय रखी गई है।

उन्होंने कहा कि जेएससीए स्टेडियम के आसपास टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *