झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर “Run for Jharkhand” का आयोजन, उपायुक्त–एसपी ने दी हरी झंडी
सरायकेला (बिद्युत महतो): झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में सोमवार, 11 नवंबर 2025 को जिला मुख्यालय सरायकेला में “Run for Jharkhand” कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और जोश के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत इंडोर स्टेडियम, सरायकेला से हुई, जिसे उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत और उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ का समापन बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में हुआ। छात्र–छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया|

बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में
800 मीटर (बालक वर्ग) और 400 मीटर (बालिका वर्ग) की मैराथन दौड़ आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विजेताओं को ट्रॉफी और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। बालक और बालिका वर्ग के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को अतिथियों ने मंच पर पुरस्कृत किया।
उपायुक्त बोले — “यह गौरव और एकता का वर्ष है”
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा — “झारखंड राज्य स्थापना दिवस का यह रजत जयंती वर्ष हमारे लिए गौरव, एकता और प्रगति के संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर है।”
उन्होंने बताया कि 11 से 15 नवंबर 2025 तक जिले में सांस्कृतिक, खेलकूद और जनभागीदारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राज्य के सर्वांगीण विकास और सामाजिक एकता को सशक्त करना है।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य गठन का मुख्य उद्देश्य
ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के सामाजिक–आर्थिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना था। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर राज्य निर्माण में योगदान दें।

पुलिस अधीक्षक बोले — “राज्य गौरव के साथ आगे बढ़ें” पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने कहा कि
“झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर11 से 15 नवंबर तक पूरे राज्य में रजत जयंती उत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सरायकेला में ‘Run for Jharkhand’ का आयोजन किया गया, जिसमें आम जनता, विद्यार्थी और अधिकारीगण की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।”
उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में सांस्कृतिक संध्या, नुक्कड़ नाटक, फ्लैश मॉब और मुख्य समारोह जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
कार्यक्रम में दिखा झारखंडी गौरव का उत्साह
“Run for Jharkhand” कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, खेल प्रेमी और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। युवाओं में राज्य गौरव, एकता और खेल भावना का विशेष उत्साह देखने को मिला।








