जगन्नाथपुर में सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक वारदात: बांदना मेला से लौट रही नाबालिग बनी शिकार

Gang Rape

जगन्नाथपुर (पश्चिमी सिंहभूम):पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। मुण्डूई मैदान में आयोजित बांदना पूजा के मेले से देर रात अपने घर लौट रही 11 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया।

देर रात हुई वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घिनौनी वारदात देर रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई। पीड़िता अपने गांव से मुण्डूई में लगे झूमर मेले को देखने के लिए अपने भाई के साथ गई थी। जब वह देर रात वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोक लिया और इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। सामूहिक दुष्कर्म के बाद पीड़िता जैसे-तैसे अपने गांव पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

त्वरित कार्रवाई में चार आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर पुलिस तत्काल हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुण्डूई गांव के बीडीओ सरदार, जकराज सरदार, छोटराय सरदार और कांदरकोड़ा गांव के रवि सरदार के रूप में हुई है। पुलिस इन सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।

पंचायत सदस्य ने पुलिस को दी सूचना
सामूहिक दुष्कर्म की सूचना सबसे पहले पंचायत समिति सदस्य सुभाष लागुरी को मिली। उन्होंने ही शनिवार को जगन्नाथपुर अंचलाधिकारी मनोज मिश्रा और स्थानीय थाना पुलिस को घटना की विस्तृत जानकारी दी।सूचना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने बिना देर किए पीड़िता को आवश्यक मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया के लिए तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है।

munadi live whattsapp banne.jpg

जगन्नाथपुर थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और वारदात में शामिल पांचवें फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शेष आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *