हजारीबाग घटना पर सियासत तेज, BJP का अल्टीमेटम; 3 अप्रैल को झारखंड बंद का ऐलान
रांची: हजारीबाग की दर्दनाक घटना को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य सरकार को दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए 3 अप्रैल को झारखंड बंद का ऐलान कर दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस वार्ता में बताया कि यदि तय समय सीमा के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पार्टी पूरे राज्य में बंद करेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके। पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार, 2 अप्रैल को राज्य के सभी प्रखंड और जिला मुख्यालयों पर मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जिसके बाद 3 अप्रैल को झारखंड बंद रखा जाएगा।
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
आदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग की घटना के बाद सरकार ने अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई।
भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। पार्टी का दावा है कि भाजपा के दबाव के बाद ही सरकार के मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
आंदोलन होगा तेज
भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में झारखंड की राजनीति में और हलचल देखने को मिल सकती है। फिलहाल, इस ऐलान के बाद राज्य में सियासी तापमान बढ़ गया है और सभी की नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।






