एकलव्य मॉडल स्कूल में नौकरी के नाम पर दो दर्जन युवाओं से लाखों की ठगी
लोहरदगा: जिले में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को निशाना बनाकर एक बड़े ठगी मामले का खुलासा हुआ है। लोहरदगा के बीएस कॉलेज रोड पर संचालित जेके ए-टू-जेड सॉल्यूशन नामक कथित प्लेसमेंट एजेंसी ने एकलव्य मॉडल स्कूल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 से अधिक युवाओं से लाखों रुपये ऐंठ लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित युवाओं ने मामले की शिकायत लोहरदगा सदर थाना में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ितों के अनुसार, एजेंसी पिछले कुछ महीनों से एक किराए के मकान में कार्यालय चलाती थी। यहां युवाओं से वार्डन से लेकर चतुर्थ वर्गीय कर्मियों तक के पदों पर नियुक्ति का भरोसा दिलाया गया। नौकरी के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 1.30 लाख रुपये से लेकर 2.50 लाख रुपये तक की रकम वसूली गई। इसके बदले युवाओं से फॉर्म भरवाए गए और ऑफर लेटर थमा दिए गए।
एजेंसी संचालक ने युवाओं को यह भी निर्देश दिया कि 2 जनवरी को संबंधित एकलव्य मॉडल स्कूलों में जाकर योगदान दें। लेकिन जब ऑफर लेटर लेकर युवक-युवतियां स्कूल पहुंचे, तो वहां पहले से ही उन पदों पर कर्मचारी कार्यरत मिले। इसके बाद जब वे एजेंसी के कार्यालय लौटे, तो पाया कि ऑफिस पर ताला लगा हुआ है और संचालक जय किशन सिंह फरार है। उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।
पीड़ितों ने बताया कि जय किशन सिंह खुद को गुमला के सोसो मोड़ का निवासी बताता था और भरोसा जीतने के लिए लगातार नियुक्ति की तारीखें देता रहा। ठगी सामने आने के बाद युवाओं में आक्रोश है और वे अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में दस्तावेज़ों, ऑफर लेटर और लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि किसी भी प्लेसमेंट एजेंसी को पैसे देने से पहले उसकी वैधता और पंजीकरण की पूरी जांच करें।
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि नौकरी की चाह में ठग किस तरह युवाओं को निशाना बना रहे हैं, और प्रशासन से अपेक्षा है कि ऐसे फर्जी प्लेसमेंट रैकेट पर सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई और युवा ठगी का शिकार न बने।





