झारखंड पुलिस की बड़ी कामयाबी: धुर्वा से अपहृत अंश-अंशिका रामगढ़ से सकुशल बरामद, दो आरोपी हिरासत में
रांची: झारखंड पुलिस ने तत्परता और व्यापक अभियान चलाकर राजधानी रांची के जगरनाथपुर मौसीबाड़ी (धुर्वा थाना क्षेत्र) से अपहृत दो मासूम बच्चों—अंश कुमार (05 वर्ष) और अंशिका कुमारी (04 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चे रामगढ़ जिले के चितरपुर क्षेत्र से 14 जनवरी 2026 की सुबह बरामद किए गए, जिन्हें परिजनों ने पहचान कर सत्यापित किया।
इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनके संबंध में बताया गया है कि वे अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ठिकानों की पहचान कर छापेमारी कर रही है।
धुर्वा थाना में दर्ज हुआ था केस, 48 पुलिस अधिकारी रहे सक्रिय
इस पूरे मामले को लेकर बच्चे के पिता सुनील कुमार के आवेदन पर धुर्वा थाना कांड संख्या 01/26 दिनांक 03.01.2026 को BNS की धारा 137(2) के तहत केस दर्ज किया गया था। कांड के उद्भेदन के लिए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें नगर एसपी व यातायात एसपी का भी सहयोग रहा।
रांची पुलिस की ओर से कुल 48 पुलिस पदाधिकारी इस कार्रवाई में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

500+ CCTV फुटेज, 5,000 वाहन सत्यापन, 1000 कॉल रोजाना
पुलिस ने बच्चों की तलाश में हर संभावित पहलू पर अनुसंधान करते हुए तकनीकी और मैदानी स्तर पर बड़ा अभियान चलाया। जांच के दौरान 500 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण किया गया और संदिग्ध गतिविधियों को खंगाला गया। इसके साथ ही 5,000 से अधिक वाहनों का सत्यापन कर संभावित लिंक तलाशे गए।
बच्चों की तलाश को मजबूत करने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। पुलिस द्वारा विज्ञापन जारी कर प्रति बच्चा 2 लाख रुपये (कुल 4 लाख) का इनाम घोषित किया गया। पुलिस को सूचना देने के लिए आम जनता की तरफ से मिलने वाले 1000+ कॉल रोजाना अटेंड किए गए।
12 राज्यों में भेजी गई थीं टीमें, Hu & Cry नोटिस भी जारी
झारखंड पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे अन्य राज्यों में घटित अपहरण मामलों से जोड़कर जांच की। पुलिस की टीमें ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 12 राज्यों में भेजी गईं।
महानिदेशक-सह-पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर CID द्वारा “Hu & Cry” नोटिस जारी किया गया। साथ ही देश के विभिन्न बाल संगठनों ने सूचना प्रसारण में सहयोग किया।

ड्रोन, डॉग स्क्वायड और पोस्टर अभियान से तेज हुई तलाश
बच्चों की तलाश के लिए रांची पुलिस ने जगरनाथपुर व धुर्वा क्षेत्र में ड्रोन से संभावित और रिमोट इलाकों की निगरानी की। साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। झारखंड के अन्य जिलों में भी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाट-बाजार, टेम्पो स्टैंड समेत प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाकर प्रचार किया गया।
रामगढ़ (चितरपुर) से बरामद हुए बच्चे, गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस के मुताबिक आज यानी 14 जनवरी 2026 की सुबह वृहद छापेमारी और तलाशी अभियान के दौरान रामगढ़ (चितरपुर) क्षेत्र से दोनों बच्चों को बरामद किया गया। बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई गई है। पुलिस ने कहा है कि हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों के नेटवर्क की जांच जारी है और अंतर्राज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Munadi Live के लिए अमित की रिपोर्ट






