सीसीएल जन आरोग्य केंद्र गांधीनगर द्वारा चुटिया में निःशुल्क एनीमिया जांच शिविर, 181 लोगों की जांच—35 एनीमिक पाए गए
Ranchi: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के जन आरोग्य केंद्र, गांधीनगर द्वारा चुटिया के कमलू तालाब परिसर में निःशुल्क एनीमिया स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। स्थानीय समुदाय को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कुल 181 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें 35 लोग एनीमिया से ग्रस्त पाए गए।
शिविर में पहुंचने वाले सभी लोगों की हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और हाइपरटेंशन की जांच बिल्कुल निःशुल्क की गई। एनीमिया से पीड़ित पाए गए सभी लोगों को डॉक्टरों द्वारा आवश्यक परामर्श व आगे के उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी लाभार्थियों को अस्पताल की ओर से मुफ़्त दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संभाली कमान
स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में सीसीएल की मेडिकल टीम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. प्रीति तिग्गा (सीएमओ एवं सीएसआर इंचार्ज) ने किया। उनके साथ डॉ. अनिता होरो, डॉ. दीपाली, डॉ. आशिमा, डॉ. शिल्पी झा, डॉ. मेघा, मुन्ना कुमार सिंह, कमलेश पंडित और पारा-मेडिकल टीम ने मिलकर पूरे शिविर का संचालन किया।
डॉक्टरों ने लोगों को एनीमिया के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से एनीमिया जैसी सामान्य दिखने वाली बीमारी भी गंभीर होने से रोकी जा सकती है।
सीसीएल की सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण
सीसीएल जन आरोग्य केंद्र समय-समय पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जनसेवा कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। कंपनी का उद्देश्य समुदाय को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि आगे भी ऐसे शिविर विभिन्न क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंच सके और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।







