चतरा के टंडवा में उग्रवादी वारदात, NCC कंपनी का हाइवा फूंका

Naxal Attack

लेवी की चेतावनी के बाद देर रात हमला, कोयलांचल में दहशत

Chatra: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा और मगध-आम्रपाली कोयलांचल क्षेत्र में उग्रवादियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (TSPC) के हथियारबंद दस्ते ने NCC कंपनी के करोड़ों रुपये मूल्य के एक वोल्वो हाइवा को आग के हवाले कर दिया।

रात 11:30 बजे वारदात
यह घटना टंडवा थाना क्षेत्र के कुमरांग खुर्द चौपाल के पास शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 5–6 नकाबपोश हमलावर सादे कपड़ों में वहां पहुंचे। उन्होंने बंदूक की नोक पर चालक को वाहन से नीचे उतारा और पेट्रोल छिड़ककर हाइवा में आग लगा दी।

पहले दी गई थी धमकी
बताया जा रहा है कि इस हमले की पटकथा पहले ही तैयार हो चुकी थी। करीब एक सप्ताह पहले टीएसपीसी प्रवक्ता कर्मवीर ने एक विज्ञप्ति जारी कर कई कंपनियों के अधिकारियों को नामजद चेतावनी दी थी। संगठन ने लेवी (रंगदारी) के लिए बातचीत न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

whatsapp channel

Jever News Paper

पुलिस को पहले ही मिली थी सूचना
हैरानी की बात यह है कि NCC कंपनी के जीएम ने एक सप्ताह पहले ही पुलिस को संभावित खतरे की जानकारी दे दी थी और सुरक्षा की मांग की थी। इसके बावजूद उग्रवादी इस घटना को अंजाम देने में सफल रहे, जिससे पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

the-habitat-ad

जांच जारी, सुरक्षा बढ़ी
फिलहाल चतरा पुलिस इस घटना को सीधे तौर पर उग्रवादी वारदात कहने से बच रही है और जांच की बात कर रही है।
एहतियातन पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

resizone elanza

कोयलांचल में दहशत
इस आगजनी के बाद कोयलांचल क्षेत्र में काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भारी दहशत का माहौल है। लेवी की धमकियों के कारण कई कर्मचारी साइट पर जाने से डर रहे हैं, जिससे कोयला परियोजनाओं का कामकाज प्रभावित होने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *