वासेपुर में आधी रात गोलीबारी, फहीम खान के बेटे के ड्राइवर को लगी गोली, इलाके में दहशत
धनबाद: नगर निकाय चुनाव से पहले धनबाद के वासेपुर इलाके में शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। अपराधियों ने फहीम खान के बेटे के ड्राइवर बबली को गोली मार दी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है।
संदिग्ध युवकों का पीछा करते समय चली गोली
मिली जानकारी के अनुसार नमाज खत्म होने के बाद इकबाल खान अपने साथियों के साथ इमाम के लिए खाना लेकर जा रहा था। इसी दौरान ड्राइवर बबली ने दो युवकों को बाइक के साथ संदिग्ध हालत में खड़े देखा। आवाज देने पर दोनों युवक भागने लगे, जिसका बबली ने पीछा किया। कुछ दूर जाने पर एक बदमाश ने पीछे मुड़कर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उसकी पीठ में जा लगी।
अस्पताल से दुर्गापुर रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले धनबाद के अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस अलर्ट मोड में, चुनाव से पहले बढ़ी चौकसी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया। पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना आपसी रंजिश का नतीजा है या गैंगवार से जुड़ी हुई है। 23 फरवरी को निकाय चुनाव होने हैं, ऐसे में पुलिस पहले से ही संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर रही थी। इस घटना के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।






