धुर्वा से लापता अंश और अंशिका का सुराग मिला, रांची पुलिस ने चितरपुर से किया बरामद
रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से 2 जनवरी को रहस्यमय तरीके से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार रांची पुलिस ने दोनों नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से बरामद किया गया है। जैसे ही बच्चों का सुराग मिला, रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम को मौके पर रवाना किया और दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में ले लिया।
दो लोगों की गिरफ्तारी
इस पूरे मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार भी किया है। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकती है कि दोनों बच्चों को कहां और किस उद्देश्य से ले जाया गया था।
रांची SSP मौके के लिए रवाना
सूत्रों के अनुसार, बच्चों की बरामदगी की सूचना मिलते ही रांची SSP खुद रवाना हो चुके हैं, और इस ऑपरेशन को उच्च स्तर पर मॉनिटर किया गया। जल्द ही पुलिस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग कर सकती है।
8 दिनों से जारी थी तलाश
गौरतलब है कि धुर्वा से दोनों बच्चे लापता होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। परिवार सदमे में था और लगातार पुलिस पर दबाव बढ़ रहा था। पुलिस ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाते हुए CCTV, टेक्निकल सेल, डॉग स्क्वॉड और SIT की मदद से तलाश तेज कर दी थी।
अब जब बच्चों की बरामदगी हो चुकी है, तो इसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, वहीं पूरे राज्य में लोगों ने राहत की सांस ली है।







