गिरिडीह में DJ बंद कराने पर विवाद, चाकू से वार कर युवक की हत्या
हुट्टी बाजार में देर रात हुआ खूनी संघर्ष, तीन लोग घायल
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह शहर में डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हुट्टी बाजार के पास हुए इस विवाद में एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान अजय दास के रूप में हुई है। वहीं इस हमले में अजय का भाई प्रवीण दास, प्रेम दास और राजेश दास घायल बताए जा रहे हैं।
डीजे बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना के संबंध में घायल प्रवीण दास ने बताया कि देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी को बंद कराने के लिए उसका भाई अजय वहां गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रवीण के मुताबिक जब वह भी मौके पर पहुंचा तो देखा कि रवि और उसके बेटे रूबी और रोनी चाकू, भुजाली और अस्तुरा जैसे हथियार लिए हुए थे। अचानक उन्होंने हमला कर दिया, जिसमें अजय दास के सीने पर चाकू से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रतन सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली।
नगर थाना प्रभारी रतन सिंह ने बताया कि डीजे बंद कराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना में शामिल लोगों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अस्पताल पहुंचे स्थानीय नेता
मामले की सूचना मिलते ही भाजपा नेता दिनेश यादव भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।








