गणतंत्र दिवस पर बाबा साहेब के लंदन स्थित आवास में श्रद्धांजलि अर्पित करना अत्यंत भावुक पल : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन
लंदन/रांची: गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने लंदन स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को अपने जीवन का अत्यंत प्रेरणादायी, भावुक और सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व ने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक मजबूत, लोकतांत्रिक और समावेशी राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की ठोस नींव रखी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों पर आधारित बाबा साहेब के विचार आज भी भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे सशक्त आधारशिला हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बाबा साहेब ने देश को केवल एक संविधान ही नहीं दिया, बल्कि हर नागरिक को सम्मान, गरिमा और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित किया। उनका संघर्ष, विचार और दर्शन आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने डॉ. अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास में रखी गई गेस्ट बुक में अपने भाव और विचार भी दर्ज किए। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और सामाजिक समरसता के लिए उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका दर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा अंबेडकर म्यूजियम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर बाबा साहेब के आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करना न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश के लिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता का प्रतीक बन गया।







