पंचायत समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा
हिरणपुर (पाकुड़):घाघरजानी स्थित प्रखंड सभागार में प्रमुख रानी सोरेन की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी पंचायत समिति सदस्यों के समक्ष रखी और कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
धान क्रय योजना और शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा
अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि डांगापाड़ा और बरमसिया लैम्प्स में धान क्रय शुरू हो चुका है। किसानों के लिए निबंधन अनिवार्य है और सरकार 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार और परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
राशन कार्ड और स्मार्ट मीटर पर सख्त संदेश
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि जो सक्षम लोग राशन कार्ड का गलत लाभ ले रहे हैं, वे स्वेच्छा से कार्ड सरेंडर करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई और आर्थिक दंड लगाया जाएगा। वहीं विद्युत विभाग के प्रतिनिधि ने क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

आवास, शौचालय और पेयजल योजनाओं की स्थिति
पीएचईडी के कनीय अभियंता ने जल मीनारों और खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कार्य की जानकारी दी। प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू ने बताया कि जिन आवास लाभुकों ने अब तक शौचालय का निर्माण नहीं कराया है, वे जियोटैग फोटो और आवश्यक दस्तावेज जमा कर 12,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकते हैं।
जुआ पर सख्ती की मांग, कानून-व्यवस्था पर चिंता
विधि-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपप्रमुख अब्दुल गनी ने हिरणपुर बाजार, मोहनपुर सहित अन्य क्षेत्रों में खुलेआम चल रहे जुआ खेल पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जुआ गरीबों की कमाई छीन रहा है और इससे लोग चोरी व अन्य अपराधों की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े खेल आयोजनों के दौरान सरेआम जुआ अड्डे चलते हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इन्हें रोकने में नाकाम है। उपप्रमुख ने जुआ के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई की मांग की।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न
अंत में प्रमुख रानी सोरेन ने सभी पदाधिकारियों, पंचायत समिति सदस्यों और उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापन किया और कहा कि पंचायत समिति का उद्देश्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। इसके साथ ही बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई।







